Ujjain News: उज्जैन । बड़नगर रोड पर ग्राम खरसौदखुर्द व राजोटा के बीच मंगलवार देर रात राजकोट (गुजरात) से भिंड (मध्य प्रदेश) जा रही जेएसटी बस सर्विस की बस में आग लगी और तेजी से फैली। इस दौरान यात्रियों ने खिड़की से कूदकर जान बचाई। बस में 100 से ज्यादा यात्री थे। आग लगती देख आसपास के ग्रामीणों ने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर बड़नगर थाना प्रभारी व बल मौके पर पहुंचा। तीन दमकलों ने आग पर काबू पाया। इस बीच कुछ यात्रियों का सामान जल गया।
इंगोरिया थाना प्रभारी अशोक शर्मा ने बताया बस (जीजे 0-एचटी-1043) भिंड के लिए रवाना हुई थी। रात करीब 12 बजे खरसौदखुर्द व ग्राम राजोटा के बीच सातवां मिल बस स्टैंड के यहां पेट्रोल पंप के समीप बस के पिछले हिस्से में आग लग गई। रात का समय होने से अधिकतर यात्री नींद में थे। एक कार चालक ने बस ओवरटेक कर आग लगने की जानकारी दी। तब अफरा-तफरी मची। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण जुटे और बस में फंसे यात्रियों को निकाला। अधिकतर यात्रियों का सामान भी बाहर निकाल दिया था। हालांकि कुछ यात्रियों का सामान तब भी जल गया।
पिछले हिस्से में लगी थी आग
बस के पिछले हिस्से से आग लगना शुरू हुई थी। आग कैसे लगी होगी इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। बस चालक संतोष भदौरिया ने बताया वायरिंग में शार्ट सर्किट से आग लग गई।
खेतो में थी गेहूं की फसल
जहां बस में आग लगी उसके दोनों ओर गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी थी। हवा तेज होने से लपटों ने सड़क के दोनों ओर बागड़ को चपेट में ले लिया। घटना स्थल के 200 मीटर के दायरे में पेट्रोल पंप भी था।
क्षमता से अधिक थे यात्री
होली के कारण गुजरात से बड़ी संख्या में दिहाड़ी और नौकरीपेशा लोग उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश लौट रहे हैं। बस संचालक इसका फायदा उठाकर मनमानी कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है बस में 100 से ज्यादा यात्री सवार थे। यात्री बनवारी तोमर (सागर) और संतोष तिवारी (मुरैना) ने बताया बड़नगर में रेलवे क्रासिंग के पास जलने की बदबू आ रही थी। ड्राइवर संतोष को कहने पर उसने उज्जैन में चेक करने की बात कहते हुए बस नहीं रोकी।
यात्रियों ने रात तीन बजे किया चक्काजाम
परेशान यात्रियों ने उज्जैन-बड़नगर मार्ग पर कांटे डाल कर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था हमारे पास कुछ भी समान नहीं बचा, सारा सामान जल गया। रात में महिलाओं और बच्चों को लेकर कहां जाएं। इंगोरिया पुलिस ने यात्रियों को समझाकर जाम खुलवाया। ग्रामीण बालकृष्ण भाटी, प्रशालसिंह पंड्या, घनश्याम गौतम और दीपू शर्मा ने चाय और खानें की चीजें उपलब्ध करवाई। इसके बाद छोटे-छोटे समूह में अन्य बसों से गंतव्य की ओर रवाना किया।
