Tribal Youth Dragged in Neemuch: नीमच में ट्रक से युवक को घसीटने वाले मुख्य आरोपित का मकान गिराया
Tribal Youth Dragged in Neemuch: नीमच । पिकअप वाहन से बांधकर आदिवासी युवक कन्हैयालाल भील की हत्या के मुख्य आरोपित महेंद्र गुर्जर के गांव जेतलिया में मकान को पुलिस प्रशासन ने जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही। उल्लेखनीय है कि महेंद्र गुर्जर सहित 8 व्यक्तियों ने बांणदा निवासी आदिवासी युवक कान्हा उर्फ कन्हैयालाल भील के साथ मारपीट कर पिकअप वाहन के पीछे बांधकर घसीटा था, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपितों ने युवक के साथ मारपीट व वाहन के पीछे घसीटते हुए का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल भी किया।
इसके बाद पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए 8 आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जिसमें से पांच व्यक्तियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, वहीं तीन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को एसपी सूरज कुमार वर्मा व कलेक्टर मयंक अग्रवाल कान्हा के ग्राम बांणदा पहुंचे। वहीं आरोपियों की संपत्ति भी खंगाली जा रही है। आरोपियों द्वारा अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जा रहा है, जिसमें सबसे पहले मुख्य आरोपी महेंद्र के मकान को ध्वस्त किया गया है। News Updating…

