भोपाल । मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल द्वारा अनुमोदन किये जाने पर जनजातीय कार्य विभाग द्वारा वर्ष 2021-22 में 290 कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किये गये हैं ।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एनएस बरकडे ने बताया कि छिंदवाड़ा जिले से 23 माध्यमिक शिक्षक, 171 प्राथमिक शिक्षक, 29 सहायक शिक्षक, 17 उच्च श्रेणी शिक्षक, 10 उच्च माध्यमिक शिक्षक, 7 प्रधान पाठक, एक सहायक ग्रेड-3, एक सहायक ग्रेड-2 और 31 भृत्य समेत 290 कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किये गये हैं। यह सूची आयुक्त कार्यालय से पोर्टल पर अपलोड किये जाने उपरांत आनलाईन प्रदर्शित होगी।
इससे पहले कृषि मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल के अनुमोदन पर उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण द्वारा वर्तमान स्थानांतरण नीति के अंतर्गत 3 समग्र सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किये गये थे।
वही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरेन्द्र नारायण द्वारा वर्तमान स्थानांतरण नीति के अंतर्गत कार्य की सुविधा की दृष्टि से प्रशासनिक आधार पर जिले के एक खंड पंचायत अधिकारी और 7 पंचायत समन्वयक अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किये गये थे।
