
Train Accident ओडिशा रेल दुर्घटना के बारे में आप सोच भी नहीं सकते एक दो नहीं तीन ट्रेनों के बीच यह हादसा हुआ है। ऐसा रेल इतिहास में शायद पहली बार हुआ जब तीन ट्रेन एक दूसरे पर चढ़ गईं दो यात्री गर्दय तो वहीं एक मालगाड़ी शामिल हैं। जानिए हादसे की कहानी।
ओडिशा के बालेश्वर जिले में शुक्रवार को 3 ट्रेनें दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। यह दुर्घटना बाहानगा स्टेशन से दो किमी दूर पनपना के पास हुई है, जहां शालीमार से चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841-अप) खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ गई। इसके बाद गाड़ी बेपटरी हुई और बंगलुरु से हावड़ा जा रही एक्सप्रेस के साथ टकरा गई।
इस हादसे में कई यात्रियों की जान चली गई और 350 से अधिक यात्री घायल हो गए, लेकिन अब भी यह हादसा हुआ कैसे, यह लोगों को समझ नहीं आ रहा है तो बता दें कि इस दुर्घटना में बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी शामिल थीं।
कोरोमंडल के डिब्बे पटरी से उतरे
हावड़ा जाने वाली 12864 बेंगलुरु-हावड़ा ट्रेन के कई डिब्बे बालासोर जिले के बहनागा बाजार में पटरी से उतर गए और बगल की पटरियों पर गिर गए।
12841 शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस, जो उन बगल की पटरियों पर आ रही थी, पहले वाली ट्रेन के पटरी से उतरे डिब्बों से टकरा गई और उसके डिब्बे भी पलट गए।
इस भीषण रेल हादसे में एक मालगाड़ी भी शामिल थी, क्योंकि कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद उसके डिब्बों से टकरा गए थे।
घायलों के लिए एम्स में व्यवस्था
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में हादसे में घायलों को हर संभव मदद मुहैया कराने के इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने शुक्रवार रात ट्वीट किया, ”इमरजेंसी, आईसीयू और ओटी बेड की व्यवस्था के साथ ही सभी डॉक्टरों, नर्सों और स्टाफ को हादसे में घायल लोगों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया गया है।”








