Latest

सडक़ दुर्घटना में मृत व घायलों के आंकड़ों के साथ सडक़ पर उतरी यातायात पुलिस

दुपहिया वाहन चालकों को दी जा रही बिना हेलमेट वाहन न चलाने की समझाईश

कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के निर्देश पर यातायात पुलिस के द्धारा शहर में जन जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यातायात प्रभारी राहुल पांडे ने बताया सडक़ दुर्घटना रोकने शहर में यातायात पुलिस स्टाफ के साथ यातायात दुर्घटना के आंकड़ों संबंधित तख्ती लेकर चालकों को रोककर आंकड़े का अध्ययन कराया जा रहा है और बिना हेलमेट वाहन न चलाने की समझाईश दी जा रही है। यातायात प्रभारी राहुल पांडे ने बताया कि जनवरी से लेकर अब तक जिले भर में घटित 1006 सडक़ दुर्घटनाओं में 242 लोगों की मौत हो चुकि है जबकि 1252 लोग घायल हुए हैं। आंकड़ों पर अलग-अलग नजर डालें तो दोपहिया वाहन से सडक़ दुर्घटना के 486 मामलों में 107 लोगों की मौत हुई और 547 लोग घायल हुए। इन दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा मरने वालों की संख्या बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए दर्ज की गई। इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें। इसी प्रकार चार पहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के 183 मामलों में 48 लोग असमय काल के गाल में समा गए और 273 लोग घायल हुए। अब बात करें जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की तो शहरी क्षेत्र में 422 सडक़ दुर्घटनाओं में 61 लोगों की मौत हुई और 556 लोग घायल हुए। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में 584 सडक़ दुर्घटनाएं घटित हुईं। जिसमें 181 लोगों की मौत हुई और 696 लोग घायल हुए। यातायात प्रभारी श्रीपांडे ने बताया कि शहर में इन आंकड़ों के साथ चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान में वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहन चालकों से बिना हेलमेट वाहन न चलाने की अपील की जा रही है।

 

Back to top button