कुबरेश्वर धाम में भिखारियों से ठगी, नकली नोट देकर उड़ाए हजारों रुपये; सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
कुबरेश्वर धाम में भिखारियों से ठगी, नकली नोट देकर उड़ाए हजारों रुपये; सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल । जिले के प्रसिद्ध कुबरेश्वर धाम से भिखारियों को ठगी का शिकार बनाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में भीख मांगकर जीवन-यापन करने वाले वृद्ध और दिव्यांग व्यक्तियों के साथ एक अज्ञात ठग ने नकली नोटों के जरिए 8 से 10 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। घटना मंडी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
कटनी में ‘दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान’ का दूसरा चरण 17 दिसंबर से शुरू, कलेक्टर तिवारी ने दिए निर्देश
काला कोट पहने शातिर ठग ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम कुछ अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर पहुंचे और वहां मौजूद भिखारियों से बातचीत करने लगे। इसी दौरान काला कोट पहने एक युवक ने भिखारियों से कहा कि उसकी पत्नी मंदिर में चिल्लर चढ़ाना चाहती है, इसलिए उसे छोटे सिक्कों की जरूरत है।
इसके बाद उसने उन्हें 200-200 रुपये के नकली नोट थमाए और बदले में उनकी असली चिल्लर लेकर मौके से गायब हो गया।
दुकानदार ने बताया नोट नकली, उड़ गए होश
कुछ समय बाद जब एक भिखारी ने उससे मिले नोट का उपयोग करने की कोशिश की, तो दुकानदार ने उसे नकली बता दिया। पीड़ितों को तभी समझ आया कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।
भिखारियों का कहना है कि आरोपी ने उनकी गरीबी और लाचार स्थिति का फायदा उठाकर उन्हें निशाना बनाया।
डर के कारण दर्ज नहीं कराई शिकायत
गरीबी, भय और असहाय स्थिति के चलते किसी भी पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई, जिसके कारण ठग बेखौफ होकर निकल भागा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुबरेश्वर धाम में प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और यहां कई गरीब लोग भीख मांगते हैं। इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर परिसर में उचित सुरक्षा व्यवस्था न होने से इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और गरीबों को न्याय दिलाने की मांग की।
थाना प्रभारी का बयान
मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि अब तक किसी भी भिखारी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जाएगी।








