Latestअंतराष्ट्रीय

लादेन को छुपाने वाले हमारे दोस्त नहीं…” उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बयान पर भड़के अमेरिकी सीनेटर, लगा दी क्लास

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस के "पाकिस्तान प्रेम" पर अमेरिका में भारी बवाल, अपनी ही पार्टी के सांसदों ने उठाए गंभीर सवाल

लादेन को छुपाने वाले हमारे दोस्त नहीं…” उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बयान पर भड़के अमेरिकी सीनेटर, लगा दी क्लास

वॉशिंगटन: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस (JD Vance) के स्विट्जरलैंड में पाकिस्तान को लेकर दिए गए एक बयान पर अमेरिका के भीतर ही बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ शांति समझौते की तकनीकी बारीकियों पर चर्चा के दौरान जे.डी. वेंस ने इस्लामाबाद के लिए अपने “प्यार” का इजहार किया था, जिस पर रिपब्लिकन पार्टी के ही दो प्रमुख सीनेटरों ने तीखी आपत्ति जताई है। सांसदों ने आतंकवाद को पनाह देने के पाकिस्तान और कतर के इतिहास को याद दिलाते हुए उपराष्ट्रपति के रुख की कड़े शब्दों में आलोचना की है।

फ्लोरिडा के सीनेटर रिक स्कॉट ने जताई कड़ी आपत्ति

फ्लोरिडा से रिपब्लिकन सीनेटर रिक स्कॉट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा करते हुए अमेरिकी प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने लिखा:

“अब तक सभी को यह साफ हो जाना चाहिए कि हमारे असली दोस्त कौन हैं। कतर और पाकिस्तान का आतंकवादियों को पनाह देने का लंबा इतिहास रहा है। वर्तमान में वे सार्थक शांति हासिल करने के बजाय ईरान के दशकों पुराने आतंकी अभियान को बढ़ावा देने में कहीं ज़्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं।”

ईरान के साथ चल रही बातचीत पर स्कॉट ने आगे कहा कि अभी भी एक व्यावहारिक समझौते की गुंजाइश है जिससे सभी का फायदा हो, लेकिन किसी भी स्थिति में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने की क्षमता हासिल न होने पाए।

मोंटाना के सीनेटर टिम शीही ने याद दिलाया लादेन का इतिहास

मोंटाना के सीनेटर टिम शीही ने भी फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में पाकिस्तान और कतर की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए। अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन का जिक्र करते हुए शीही ने कहा: “हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इसी पाकिस्तान ने एक दशक तक ओसामा बिन लादेन को छिपाकर रखा था और अपनी खुफिया एजेंसी ISI के ज़रिए अयातुल्ला (ईरान) को फंड दिया था।”

शीही ने कतर को लेकर भी बड़ा दावा किया कि वह दशकों से आतंकवादी संगठनों के लिए मनी लॉन्ड्रिंग (काले धन को वैध बनाना) कर रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तानियों ने ISI के जरिए अमेरिकी हितों के खिलाफ काम किया है, इसलिए यह मान लेना कि वे इस शांति वार्ता में एक निष्पक्ष मध्यस्थ की भूमिका निभाएंगे, पूरी तरह गलत है।

मध्य पूर्व में ‘असली दोस्तों’ को शामिल करने की मांग

सीनेटर शीही ने मांग की है कि अगर इस बातचीत की मेज पर पाकिस्तान और कतर मौजूद हैं, तो अमेरिका को तुरंत इसमें संयुक्त अरब अमीरात (UAE), इज़राइल और सऊदी अरब को भी शामिल करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी UAE, इज़राइल और सऊदी अरब ही मध्य पूर्व में अमेरिका के सबसे भरोसेमंद और आगे रहने वाले सहयोगी साबित होंगे।

क्या था उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस का विवादित बयान?

स्विट्जरलैंड में एक कार्यक्रम के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज़ में बात करते हुए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की जमकर तारीफ की थी। वेंस ने कहा था:

“जब से फील्ड मार्शल मुनीर ने इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री के साथ हमारा स्वागत किया है, तब से मैं मज़ाक में कहता रहा हूं कि मेरी ज़िंदगी में दो बहुत-बहुत महत्वपूर्ण लोग हैं—जिसमें से एक भारतीय हैं और एक पाकिस्तानी। भारतीय तो मेरी पत्नी (उषा चिलुकुरी वेंस) हैं, और दूसरे पाकिस्तानी फील्ड मार्शल मुनीर हैं।”

वेंस ने यह भी खुलासा किया कि पिछले तीन महीनों में उन्होंने किसी भी अन्य नेता के मुकाबले पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल मुनीर से सबसे ज़्यादा बातचीत की है। उपराष्ट्रपति के इसी बयान को लेकर अब अमेरिकी संसद (कैपिटल हिल) से लेकर सोशल मीडिया तक पर बहस छिड़ गई है।

Back to top button