इस बार शराब दुकानों का नहीं होगा नवीनीकरण,ई टेंडर से होगी प्रत्येक दुकान की नीलामी

इस बार शराब दुकानों का नहीं होगा नवीनीकरण,ई टेंडर से होगी प्रत्येक दुकान की नीलाम
कटनी। कुछ परसेंट बढ़ाकर दुबारा शराब दुकानों का ठेका ले लेने वाले ठेकेदारों को इस बार निराशा का सामना करना पड़ेगा। नई आबकारी नीति में सरकार ने यह व्यवस्था समाप्त कर दी है। शराब दुकानों का समूह बनाकर नीलामी सिस्टम भी इस बार देखने को नहीं मिलेगा। नई शराब नीति के अनुसार इस बार प्रदेश की किसी भी दुकान का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा अलबत्ता सभी दुकानों की नीलामी ई टेंडर के जरिये होगी। इसके लिए बैंकों से ई गारंटी ही मान्य होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दिनों वित्त मंत्री द्वारा विधानसभा में नई शराब नीति की जानकारी देते हुए इसका खुलासा किया। वित्त मंत्री श्री देवड़ा ने बताया कि प्रदेश में शराब दूकानों का नवीनीकरण नहीं होगा सभी दुकानों के ई टेंडर होंगे। टेंडर के लिए बैंकों के ई चालान ही मान्य होंगे।
उल्लेखनीय है कि अब तक कुछ परसेंट बढ़ाकर शराब दुकानें उन्हीं ठेकेदारों के नाम कर दी जाती थीं जो पहले से ही उसका संचालन कर रहे होते थे। इसके अलावा शराब दुकाने समूह बनाकर नीलाम की जाती थीं। इस बार समूह नहीं होंगे प्रत्येक दुकानों के अलग अलग ई टेंडर होंगे।
इसके अलावा नर्मदा नदी के किनारे 5 किलोमीटर तक के दायरे में तथा धार्मिक घोषित नगरों में पूर्व की तरह शराब बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।








