घंटाघर रामलीला मंच के बाजू से पवित्र भूमि पर सुलभ कॉम्पलेक्स निर्माण का क्षेत्रवासियों ने किया विरोध, महापौर व आयुक्त को पत्र लिखकर की स्थान परिवर्तित करने की मांग

कटनी(YASHBHARAT.COM)। शहर के घंटाघर क्षेत्र में रामलीला मंचन जैसी पवित्र भूमि पर सुलभ काम्पलेक्स निर्माण कराए जाने का विरोध शुरू हो गया है। घंटाघर रामलीला कमेटी सहित क्षेत्र के लोगों ने क्षेत्र में सुलभ कॉम्पलेक्स के निर्माण को तो सही ठहराया है लेकिन रामलीला मंच के ठीक बाजू से निर्माण कराए जाने को गलत ठहराया है और इसका निर्माण परिवर्तन की मांग महापौर प्रीती संजीव सूरी व नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार से पत्र लिखकर की है। महापौर एवं नगर निगम आयुक्त को दिए गए पत्र की प्रति उपलब्ध कराते हुए घंटाघर क्षेत्र के लोगों ने बताया कि घंटाघर रामलीला मंच के ठीक बाजू से सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य चालू करवाया गया है, जिस पर हम समस्त नागरिको की घोर आपत्ति है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह रामलीला मंचन की पवित्र भूमि है, जहां पर प्रतिवर्ष प्रभु श्रीरामजी की रामलीला का मंचन किया जाता है और रामलीला स्टेज के पीछे तरफ राम-जानकी एवं श्रीराम भक्त हनुमान जी का भी मंदिर है। मंदिर में सैकड़ों महिलाएं एवं पुरूष प्रतिदिन सुबह से पूजन अर्चन करने आते हैं। इस कारण इस पवित्र भूमि के पास सुलभ शौचालय बनने से धार्मिक भावनाएं आहत होने के साथ ही मंदिर के आसपास दुर्गंध एवं गंदगी का वातावरण रहेगा। क्षेत्रवासियों की मांग है कि घंटाघर क्षेत्र में नगर निगम की आधा दर्जन दुकानें निर्मित है उनके पीछे सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जाना उचित रहेगा। क्षेत्रवासियों की मांग है कि अभी निर्माण कार्य प्रारंभिक स्थिति में है, इसलिए इसका स्थान परिवर्तन करने में भी ज्यादा नुकसान नहीं होगा।








