Latest

ढीमरखेड़ा महाविघालय के प्राचार्य पर पत्नी को बंधक बनाने का आरोप, एसपी के पास शिकायत लेकर पहुंचा पीढ़ित युवक

कटनी। ढीमरखेड़ा निवासी एक युवक ने ढीमरखेड़ा महाविघालय के प्रभारी प्राचार्य पर पत्नी को बंधक बनाकर रखने, गाली-गलौज व जातिगत अपमानित करने का आरोप लगाया है। युवक ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन को शिकायत देकर प्रभारी प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र की प्रति यशभारत डॉट काम को उपलब्ध कराते हुए ढीमरखेड़ा निवासी संतोष पिता नरेश मेहतर ने बताया कि मेरी शादी छायाबाई से हुई थी। शादी के बाद उसके तीन बच्चे भी हैं। नरेश ने बताया कि लगभग 3 वर्ष पूर्व मेरी पत्नी छाया बाई ढीमरखेड़ा महाविघालय में साफ-सफाई का काम पार्ट टाइम जॉब के रूप में करने लगी। इसी दौरान महाविद्यालय में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य बृजलाल अहिरवार ने छाया बाई को बहला-फुसला कर बंधक बना लिया। पत्नी अपने साथ लगभग 50 हजार रूपए कीमती जेवर भी अपने साथ ले गई। नरेश का कहना है कि इस बात की शिकायत उसने ढीमरखेड़ा थाने में भी दी लेकिन ढीमरखेड़ा पुलिस के द्वारा शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी बीच शिकायत करने की जानकारी लगने पर बीती 28 अगस्त 2024 को बृजलाल अहिरवार मेरे घर में आया और बोला कि तुम बार-बार मेरी शिकायत करते हो। तुम जानते नहीं मैं बहुत पहुंच वाला हूं मैं तुमको एवं तुम्हारे बच्चो को जान से मरवा दूंगा। इस दौरान ब्रजलाल अहिरवार गाली गलौज करने लगा। जिसका विरोध करने पर वह मुझे जातिगत अपमानित करते हुए मारपीट करने लगा। नरेश का कहना है कि पत्नी के न आने से उसके बच्चे बहुत परेशान हैं तथा उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी धूमिल हो रही है। नरेश का यह भी कहना है कि शिक्षा के मंदिर में उच्च पद पर बैठे व्यक्ति के द्धारा किया गया यह कृत्य महाविघालय के छात्र-छात्राओं पर भी बुरा असर डाल रहा है। नरेश ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन से पूरे मामले की जांच कराते हुए पत्नी को ब्रजलाल के चंगुल से मुक्त कराने व उसके विरूद्ध मामला दर्ज करने की मांग की है।

Back to top button