शहर में विस्फोटक होती जा रही बढ़ती ई रिक्शा की संख्या, अधिकांश जगह जाम की वजह बन रहे ये वाहन
जिला प्रशासन ने बढ़ती संख्या पर नियंत्रण नहीं किया तो स्थिति और अधिक हो जाएगी विस्फोटक

शहर में विस्फोटक होती जा रही बढ़ती ई रिक्शा की संख्या, अधिकांश जगह जाम की वजह बन रहे ये वाहन
जिला प्रशासन ने बढ़ती संख्या पर नियंत्रण नहीं किया तो स्थिति और अधिक हो जाएगी विस्फोटक
कटनी(YASH BHARAT.COM)। शहर में बढ़ती ई रिक्शा की संख्या विस्फोट रूप लेती जा रही है और यदि जिला प्रशासन ने बढ़ती ई रिक्शा की संख्या को नियंत्रित करने के उपाय नहीं खोजे तो आने वाले दिनों में यह स्थिति और अधिक विस्फोट हो जाएगी। शहर के कई क्षेत्रों में तो जाम ही ई-रिक्शा की वजह से लगता है। ई-रिक्शा होने का फायदा उठाकर इनके चालक कहीं पर भी घुस जाते हैं। जिसकी वजह से जाम की स्थिति निर्मित होती है।
अधिकांश रिक्शा चालक नाबालिग
शहर में ई-रिक्शा लेकर घूम रहे चालकों तो नाबालिग है। उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। फिर भी वो कामर्शिलय वाहन चला रहे हैं। जिसमें से कुछ तो अपनी पारिवारिक मजबूरी के कारण ई-रिक्शा चलाकर अपने व अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं तो कई नाबालिग चालक ऐसे भी हैं जो अपनी नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए किराए ई-रिक्शा लेकर चला रहे हैं।
पुलिस वेरीफिकेशन जरूरी- जिला पत्रकार संघ
उधर इस पूरे मामले का ध्यान पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा की ओर आकर्षित कराते हुए जिला पत्रकार संघ ने सभी प्रकार के आटो चालकों के लिए पुलिस वेरीफिकेशन कराए जाने की मांग की है। जिला पत्रकार संघ का कहला है कि आटो चलाने वाली लाइन में नाबालिगों के अलावा अधिकांश अपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी उतर आए हैं।
जिनके द्धारा सवारियों से अधिक पैसे लेन-देन, सवारियों से अभद्रता करना, यात्रियों के सामान की चोरी जैसी वारदाते भी घटित की जाती हैं लेकिन पुलिसिया कार्रवाई से बचने के चक्कर में अधिकांश शिकायत पुलिस तक नहीं पहुंच पाती हैं। और यह बात भी किसी से छिपी नहीं है कि इसी शहर में आटो चालक नाबालिग स्कूली छात्रा के साथ वारदात को भी अंजाम दे चुके हैं। इसलिए जिला पत्रकार संघ पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा की ओर आकर्षित कराते हुए शहर से लेकर जिले भर में चल रहे सभी प्रकार के आटो चलाने वालों का पुलिस वेरी फिकेशन कराते हुए थानों में भी इनके आंकड़े दुरूस्त कराए जाने की मांग की है।
एजेंसी के संचालक तक चला रहे किराए से ई-रिक्शा
एक जानकारी में यह भी प्रकाश में आया है कि शहर में ई-रिक्शा बेचने वाले कुछ ऐसे एजेंसी संचालक भी हैं जो ई-रिक्शा बेचने की बजाय कंपनी से ई-रिक्शा मंगाकर उन्हे किराए से चलाने का काम करते हैं।
जिसमें से कई ई-रिक्शा आरटीओ कार्यालय में पंजीकृत तक नहीं हैं और फर्जी नंबर डालकर उन्हे चलाया जा रहा है। इसलिए पुलिस विभाग को ऐसे ई-रिक्शा की खोज करने के लिए दस्तावेज वेरीफिकेशन का एक अभियान चलाना चाहिए।
यातायात पुलिस की सख्ती से मचा कुछ हडक़ंप, 70 ई-रिक्शा ऑटो चालकों पर चालानी कार्रवाई, 5 ई-रिक्शा जप्त
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के दिशा निर्देश पर यात्री सुरक्षा, अनुशासन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा आपका सारथी कौन अभियान चलाकर नवाचार किया जा रहा है। गतदिवस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 70 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। वहीं गंभीर अनियमितताओं के चलते 5 ई-रिक्शा जप्त किए गए। यह कार्यवाही चालकों व्दारा खाकी यूनिफॉर्म धारण न करने, शराब के नशे में वाहन चलाने, लापरवाही पूर्वक एवं तेज गति से वाहन चलाने, निर्धारित से अधिक किराया वसूलने तथा यात्रियों के साथ दुव्र्यवहार जैसी शिकायतों के आधार पर की गई।
यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे का कहना है कि आपका सारथी कौन अभियान के अंतर्गत सभी ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को खाकी यूनिफॉर्म धारण करना, यूनिक पहचान संख्या बैच लगाना एवं निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी। वहीं कटनी पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी चालक द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।








