समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट ने राष्ट्रीय सेवा भारती के सहयोग से डॉ. अंबेडकर कुष्ठ बस्ती में लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 105 कुष्ठ रोगी हुए लाभान्वित

कटनी(यशभारत.काम)। समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा राष्ट्रीय सेवा भारती के सहयोग से चल रही मोबाइल क्लीनिक पहल के अंतर्गत शहर स्थित डॉ. अंबेडकर कुष्ठ बस्ती में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 105 कुष्ठ रोगियों का निशुल्क उपचार किया गया। यह शिविर मध्यप्रदेश की 22 कुष्ठ बस्तियों में आयोजित किया जा रहा है। शिविर श्रृंखला का तीसरा शिविर था, जिसकी शुरुआत 15 जुलाई को ग्वालियर से हुई थी और समापन 27 जुलाई को मंदसौर में होगा। शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ज़िला सेवा प्रमुख ओमप्रकाश सोनी एवं सेवा भारती के ज़िला अध्यक्ष रवि कुमार नायक के द्वारा किया गया। इस अवसर पर नगर सेवा प्रमुख रवि देवांशी पटवा भी उपस्थित रहे। शिविर में रक्तचाप जांच, रैंडम ब्लड शुगर, सम्पूर्ण रक्त जांच (सीबीसी), थायरॉइड, कुष्ठ रोगियों के घावों की सफाई, ड्रेसिंग और मामूली शल्यक्रिया, वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श, निःशुल्क दवाइयों का वितरण, महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता हेतु सैनिटरी पैड्स, दिव्यांगजनों को ऑर्थो एड्स वितरण जैसे स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई। शिविर के आयोजन में संतोष रानी, डॉ. देव उत्कर्ष, राखी कुमारी, दीपेन्द्र, मोहित और किशन का विशेष सहयोग रहा। साथ ही शिविर की सफलता में सेवा भारती ग्वालियर एवं कटनी का विशेष सहयोग रहा।
उल्लेखनीय है कि समर्पण फाउंडेशन ट्रस्ट, राष्ट्रीय सेवा भारती से संबद्ध एक समर्पित संस्था है, जो देश की 245 कुष्ठ बस्तियों में (दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश) कुष्ठ प्रभावित लोगों एवं उनके परिवारों के लिए सेवा कार्य कर रही है।







