तिलक महाविद्यालय हिंदी विभाग में एड-ऑन कोर्स का समापन,विद्यार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव

तिलक महाविद्यालय हिंदी विभाग में एड-ऑन कोर्स का समापन,विद्यार्थियों ने साझा किए अपने अनुभ
कटनी- पी.एम.सी.ओ.ई शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी के हिंदी विभाग द्वारा संचालित एड-ऑन कोर्स का समापन आज गरिमामय वातावरण में किया गया। यह कोर्स पिछले एक महीने से नियमित रूप से चल रहा था और अपने मॉड्यूल में सभी विद्यार्थियों के लिए खुला था। कुल 45 विद्यार्थियों ने इस कोर्स में सहभागिता करते हुए ज्ञान लाभ प्राप्त किया। कला संकाय के कक्ष संख्या 44 में आयोजित समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार वाजपेई ने की।
प्राचार्य डॉ. वाजपेई ने अपने संबोधन में कहा कि “एड-ऑन कोर्स विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा से आगे बढ़कर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं। ऐसे कोर्स शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता और रोजगारोन्मुख दृष्टि विकसित करते हैं। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. माधुरी गर्ग ने कहा कि “इस कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों ने भाषा, लेखन और संप्रेषण कौशल को निखारा है। यह पहल विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और रचनात्मकता की दिशा में आगे बढ़ाती है। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी ने कहा कि “विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी इस कोर्स की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। डॉ. अतुल कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि “एड-ऑन कोर्स जैसे नवाचार कार्यक्रम विद्यार्थियों को समकालीन साहित्यिक और सामाजिक परिवेश से जोड़ते हैं।
वहीं डॉ. विजय कुमार ने कहा कि इस कोर्स ने विद्यार्थियों में आलोचनात्मक दृष्टि और सृजनात्मक सोच का विकास किया है, जो उनके करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान एड-ऑन कोर्स से लाभान्वित विद्यार्थियों शिवानंद, दीपक, प्रीति और प्रभात ने भी अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि इस कोर्स ने हमें हिंदी भाषा और साहित्य की नई दिशाओं से अवगत कराया तथा रोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर दिया। समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सुनील कुमार वाजपेई ने सभी उपस्थित प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे उपयोगी और रोजगार परक कोर्स आयोजित करने की घोषणा की।








