पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोर रहा तहसीलदार शैलेन्द्र बिहारी शर्मा व सीएसपी ख्याति मिश्रा के बीच चल रहे विवाद का मामला, दिन प्रतिदिन बिगड़ते मामले से खराब हो रही पुलिस व प्रशासन की छवि, भोपाल में बैठे वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को गंभीरता से लेने की जरूरत
कटनी। तहसीलदार शैलेन्द्र बिहारी शर्मा व नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के बीच विवाद का मामला पूरे प्रदेश में सुर्खियां बंटोर रहा है तथा इस मामले से पूरे में प्रदेश में पुलिस व प्रशासन की छवि को बट्टा लग रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस मामले में एक पक्ष प्रशासनिक है तो दूसरा पक्ष पुलिस प्रशासन से है। जिसकी वजह से मामले में पुलिस व प्रशासन दोनों की छवि धूमिल हो रही है। इसलिए इस पूरे मामले को राजधानी भोपाल में बैठे वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को गंभीरता से लेना चाहिए और विवाद कैसे खत्म हो इस दिशा में कार्य करना चाहिए। गौरतलब है कि तहसीलदार शैलेन्द्र बिहारी शर्मा व नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा पति-पत्नी हैं लेकिन दोनों के बीच में पिछले काफी समय से अनबन है या यूं कहे कि सीएसपी ख्याति मिश्रा की कटनी में पोस्टिंग के बाद से ही दोनों के रिश्तों में दरार आनी शुरू हुई और कल यह मामला महिला थाने तक पहुंच गया। हालांकि आरोप-प्रत्यारोप का दौर दोनों पक्षों की ओर से चल रहा है। तहसीलदार शैलेन्द्र शर्मा शिकायतों में पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन से ही अपनी व अपने परिवार की जान को खतरा बता रहे हैं तो नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा अपने पति तहसीलदार शैलेन्द्र बिहारी शर्मा पर प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए शिकवा शिकायतें कर रही हैं। शिकवा शिकायतों का दौर केवल जिलास्तर पर ही नहीं है बल्कि शिकायतें राजधानी भोपाल में बैठे वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों तक चल चुका है और चल भी रहा है। इसके बावजूद भोपाल में बैठे वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जिसके कारण मामला दिन प्रतिदिन बिगड़ता जा रहा है। अगर समय पर मामले का हल नहीं निकाला गया तो आगें इस मामले में कुछ भी हो सकता है। इसलिए समय रहते मामले का हल निकाल कर तहसीलदार शैलेन्द्र बिहारी शर्मा व नगर पुलिस अधीक्षक ख्याति मिश्रा के बीच चल रहे विवाद को खत्म कराना चाहिए। जिससे पुलिस व प्रशासन की छवि को भी खराब होने से बचाया जा सके।
तहसीलदार संघ को आगें आना चाहिए
जैसा बताया जा रहा है कि तहसीलदार शैलेन्द्र बिहारी शर्मा मध्यप्रदेश तहसीलदार संघ के उपाघ्यक्ष भी हैं तथा उनके द्धारा अपने व और अपनी पत्नी के बीच चल रहे विवाद की जानकारी तहसीलदार संघ को भी दी है। इसलिए अब इस मामले को लेकर तहसीलदार संघ को भी आगें आना चाहिए और मामले का हल निकालने की दिशा में काम करना चाहिए।

