Terrorist attack failed: दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम, स्पेशल सेल ने जैश के दो आतंकियों को पकड़ा

nsdco police

नई दिल्ली। Terrorist attack failed: दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम, स्पेशल सेल ने जैश के दो आतंकियों को पकड़ा। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी को दहलाने की एक बड़ी साजिश नाकाम की है।

पुलिस ने दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से ताल्लुक रखते हैं और जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं।

उनके कब्जे से 10 जिंदा कारतूस के साथ दो सेमी ऑटोमेटिक (अर्ध-स्वचालित) पिस्तौल बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि ये दोनों दिल्ली में एक बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार ये दिल्ली में धमाका करना चाहते थे।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस को इन दोनों आतंकियों के बारे में इनपुट मिला था। इसके बाद इन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। सोमवार रात 10.15 बजे जैश-ए-मोहम्मद के इन दोनों आतंकियों को सराय काले खां के मिलेनियम पार्क के पास से धर दबोचा गया। आतंकियों के पास से हथियार बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार हुए आतंकियों की पहचान जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर के रहने वाले अब्दुल लतीफ और कुपवाड़ा जिले के हट मुल्ला गांव के रहने वाले अशरफ खाताना के तौर पर हुई है।