सिंधी काउंसिल ऑफ़ इंडिया एवं वर्सेटाइल ट्रांसफाॅरमेशन द्वारा 7 दिवसीय फिटनेस कार्यक्रम का सफल आयोज
कटनी -सिंधी काउंसिल ऑफ़ इंडिया एवं वर्सेटाइल ट्रांसफाॅरमेशन के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं फिटनेस जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 7 दिवसीय फिटनेस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। संस्था अध्यक्ष नीलम जगवानी के अनुसार जब महिलाएं शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहेंगी, तभी परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियां भी सशक्त एवं प्रगतिशील बन सकेंगी। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच महिलाएं स्वयं के लिए भी समय निकालें और अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, इसी संदेश को कार्यक्रम के माध्यम से प्रसारित किया गया।
सात दिनों तक चले इस कार्यक्रम में फिटनेस एक्सपर्ट अनुराग तिर्थानी, नेहा मोटवानी एवं गुनगुन द्वारा प्रतिभागियों को जुम्बा, योगा, मेडिटेशन तथा संतुलित आहार (डाइट) संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया। इन सभी गतिविधियों के संयोजन ने प्रतिभागियों में नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने न केवल फिटनेस गतिविधियों का आनंद लिया, बल्कि स्वास्थ्य एवं जीवनशैली से जुड़ी अनेक भ्रांतियों को भी दूर किया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्था से वर्ष में दो बार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।
समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को संस्था की ओर से मेमोरी गिफ्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता मे बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स सोनिया बत्रा, नीतू लालवानी ,कंचन केवलानी मोना पुरसवानी,लक्ष्मी खूबचंदानी ,सुमन छत्तानी कशिश रोहरा, अनिता जोधवानी,द्वारा सभी प्रशिक्षकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ समाजहित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।