मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य,हेल्पडेस्क से गणना प्रपत्र संबंधी शंकाओं ओर समस्याओं का हो रहा त्वरित निदान

मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य,हेल्पडेस्क से गणना प्रपत्र संबंधी शंकाओं ओर समस्याओं का हो रहा त्वरित निदा
गणना प्रपत्र संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु हेल्पडेस्क से संपर्क करने निगमायुक्त ने की अपील
कटनी। भारत निर्वाचन आयोग के जारी कार्यक्रम अनुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य संचालित है। जिसके तहत नगर निगम सीमांतर्गत भी बूथ लेवल अधिकारी द्वारा संबंधित मतदान केंद्र के मतदाताओं के घर पहुंचकर गणना प्रपत्र वितरण और संकलन के साथ डिजिटाईजेशन का कार्य किया जा रहा है।
एस आई आर कार्य की सुविधा के मद्देनजर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम कार्यालय सहित तीनों जोन कार्यालयों में स्थापित हेल्पडेस्क में संलग्न कर्मचारियों द्वारा एस आई आर गणना प्रपत्र भरने के दौरान नागरिकों हो होने वाली शंकाओं और समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
हेल्पडेस्क में संलग्न निगम के कर्मियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं को सुनकर आयोग के निर्देश अनुरूप चरणबद्ध तरीके से प्रपत्र भरवाने की कार्यवाही कर डिजिटलाइजेशन कार्य में वरिष्ठ अधिकारियों एवं बी एल ओ का सहयोग किया जा रहा है। इसके अलावा हेल्पडेस्क के कर्मियों द्वारा नागरिकों को एस आई आर गणना प्रपत्र से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी सहज एवं स्पष्ट रूप से प्रदान की जा रही है।
वार्डों में हो रही मुनादी
राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि गणना प्रपत्र भरने हेतु नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर चार वाहनों के माध्यम से वार्डों में मुनादी का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके तहत चारों जोनों के समस्त 45 वार्डों में मुनादी कराई जाकर गणना प्रपत्र भरने के दौरान उत्पन्न होने वाली शंकाओं एवं समस्याओं का निराकरण जोन कार्यालय के माध्यम से आसानी से कराने की अपील की जा रही है।
कार्य में न हो लापरवाही; निगमायुक्त,
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने हेल्पडेस्क में संलग्न कर्मचारियों को नागरिकों की गणना पत्रक संबंधी समस्याओं एवं सुविधाओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए है।
नागरिकों से अपील
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नागरिकों से अपील की है कि एस आई आर गणना प्रपत्र भरने के दौरान यदि किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो वे तत्काल अपने क्षेत्र के जोन कार्यालय में स्थापित हेल्पडेस्क से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते है। इसके अतिरिक्त मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर काल कर जानकारी प्राप्त कर सकते है।








