किताब में सावरकर पर टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरीं सोनिया गांधी, परपोते सात्यकी सावरकर ने भेजा कानूनी नोटिस

Sonia rahul gandhi

किताब में सावरकर पर टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरीं सोनिया गांधी, परपोते सात्यकी सावरकर ने भेजा कानूनी नोटिस

  • सोनिया गांधी की नई पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी बातों पर जताई आपत्ति
  • 15 दिनों के भीतर जवाब न देने पर अदालत में अवमानना याचिका दायर करने की चेतावनी

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी हाल ही में प्रकाशित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों के कारण कानूनी विवाद में फंसती नजर आ रही हैं। वीडी सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर ने पुस्तक में अपमानजनक और भ्रामक बातें लिखे जाने का आरोप लगाते हुए सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है।

15 दिन में जवाब न मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई

सात्यकी सावरकर के वकील संग्राम कोल्हटकर ने जानकारी दी कि सोनिया गांधी के दिल्ली स्थित आवास पर डाक और ईमेल के माध्यम से यह नोटिस भेजा गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर इसका संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो उनके खिलाफ अदालत में अवमानना याचिका दायर की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी वीडी सावरकर पर की गई अपनी टिप्पणियों को लेकर मानहानि के मुकदमे का सामना कर रहे हैं।

किताब के किन हिस्सों पर है आपत्ति?

कानूनी नोटिस में सोनिया गांधी की किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर दर्ज टिप्पणियों को चुनौती दी गई है। समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) के मुताबिक, नोटिस में पेज नंबर 201 के उस अंश का विशेष उल्लेख किया गया है, जिसमें लिखा है— “जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासकों के हाथों हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब विनायक दामोदर सावरकर जैसे आरएसएस के वरिष्ठ विचारक अपने औपनिवेशिक आकाओं को दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे।”

इसे भी पढ़ें-  धान के अवैध परिवहन,भंडारण पर जिला प्रशासन सख्त, कलेक्टर ने अधिकारियों को धान उपार्जन शुरू होने के पहले से व्यापारियों, दलालों और बिचौलियों पर कड़ी नजर रखने के दिये निर्देश

तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप

सात्यकी सावरकर ने नोटिस के जरिए कहा है कि इन निराधार आरोपों और टिप्पणियों से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में लिखी गई ये बातें तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत और ऐतिहासिक रूप से भ्रामक हैं। इन्हें जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, जिससे वीडी सावरकर की प्रतिष्ठा और उनकी ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचता है।