सिंधु नौजवान मंडल के चुनाव संपन्न, संजय जीवनानी लगातार दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित
सिंधु नौजवान मंडल के चुनाव संपन्न, संजय जीवनानी लगातार दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचि
कटनी -सिंधु नौजवान मंडल के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए। बैठक के प्रारंभ में पूर्व पदाधिकारियों द्वारा पिछले कार्यकाल में संपन्न विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके पश्चात मंडल का आय-व्यय विवरण सभा के समक्ष रखा गया।
एक वर्ष का सफलतम कार्यकाल पूरा कर चुके अध्यक्ष संजय जीवनानी ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाजजनों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी समाज एवं मंडल के सदस्यों का इसी प्रकार स्नेह, सहयोग और समर्थन मंडल परिवार को मिलता रहेगा। इसके उपरांत उन्होंने विधिवत अपनी कार्यकारिणी को भंग करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए नवीन चुनाव कराने की घोषणा की। तत्पश्चात समाजजनों की उपस्थिति में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न कराए गए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में संजय जीवनानी ने 33 मत प्राप्त कर शानदार विजय हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राकेश चांदवानी को 14 मत प्राप्त हुए। एक मत निरस्त घोषित किया गया।
इस जीत के साथ संजय जीवनानी लगातार दूसरी बार सिंधु नौजवान मंडल के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों एवं समाजजनों में उत्साह का माहौल रहा तथा नवनिर्वाचित अध्यक्ष का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें हार्दिक बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दी गईं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय जीवनानी ने सभी मतदाताओं एवं मंडल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर समाज सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों के संवर्धन, युवाओं के सर्वांगीण विकास तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
चुनाव सभा की अध्यक्षता श्री गोविंद सचदेवा ने की। वहीं चुनाव अधिकारी के रूप में श्री त्रिलोकचंद भोजवानी, श्री राजकुमार नानकानी, डॉ. राजकुमार नागवानी, श्री राजकुमार रोहरा एवं श्री राकेश जादवानी ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से चुनाव प्रक्रिया का सफल संचालन किया।








