Latestमध्यप्रदेश

Sidhi Loot: चलती कार को घेरकर लूट: बगदरा घाटी में बदमाशों ने छीनी सोने की चेन, पुलिस को चकमा देकर फरार

Sidhi Loot: चलती कार को घेरकर लूट: बगदरा घाटी में बदमाशों ने छीनी सोने की चेन, पुलिस को चकमा देकर फरार। जिले में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में चलती कार को घेरकर युवक से सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए।

भोपाल में कथित मामलों को लेकर रिपोर्ट, पैटर्न जैसे आरोपों पर चर्चा; क्या यही है ‘भोपाल फाइल्स’?

जानकारी के मुताबिक, रैपुरा निवासी प्रदीप कुमार बारात से लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे जैसे ही उनकी कार बगदरा घाटी के पास पहुंची, तभी आगे और पीछे से आई दो संदिग्ध कारों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। एक कार ने ओवरटेक कर सामने से रास्ता रोक दिया, जबकि दूसरी ने पीछे से टक्कर मार दी।

झपट्टा मारकर छीनी चेन

अचानक हुए हमले में बदमाश कार से उतरे और प्रदीप पर टूट पड़े। एक आरोपी ने उनके गले से करीब 11.97 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाए।

पुलिस को भी चकमा

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी पुलिस वाहन को भी ओवरटेक कर फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

हैरानी की बात यह है कि जिस क्षेत्र में अक्सर SAF की तैनाती रहती है, वहां घटना के समय चौकी खाली पाई गई। इससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच जारी

पीड़ित ने चित्रकूट थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्ध वाहनों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम