मथुरा। मथुरा में सनसनी: ‘फरसा वाले बाबा’ की कुचलकर हत्या, ब्रज में बवाल- हाईवे जाम, पथराव।ब्रज की पवित्र नगरी में ईद के दिन हिंसा और तनाव का बड़ा मामला सामने आया है। थाना कोसीकलां क्षेत्र के नवीपुर गांव में विख्यात गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की कथित तौर पर गौ-तस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि बाबा को इलाके में गौ-तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ आरोपियों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान तस्करों ने उनकी गाड़ी पर हमला करते हुए उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आगरा-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया और कई जगहों पर पथराव भी हुआ। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में सघन नाकाबंदी की जा रही है, खासकर बरसाना की ओर जाने वाले रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला लाया गया, जहां हजारों की संख्या में ग्रामीण और गौ-भक्त जुटे हुए हैं। ‘फरसा वाले बाबा’ अपने निडर स्वभाव और गौ-वंश की रक्षा के लिए पूरे क्षेत्र में जाने जाते थे।
इस घटना के बाद स्थानीय संगठनों और गौ-सेवकों में भारी रोष है, वहीं प्रशासन हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है ताकि स्थिति और न बिगड़े।

