katni

School Inspection: सेवाकालीन प्रशिक्षण और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लेने पहुंची डाइट कटनी की टीम

School Inspection: सेवाकालीन प्रशिक्षण और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लेने पहुंची डाइट कटनी की टीम

School Inspection: जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान कटनी की प्राचार्य  एम पी डुंगडुंग के नेतृत्व में डाइट कटनी के अकादमिक दल द्वारा रीठी विकासखंड की एकीकृत माध्यमिक शाला देवरी , प्राथमिक शाला मोहास, एकीकृत बालक माध्यमिक शाला रीठी, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास रीठी तथा  माध्यमिक शिक्षकों के व्यावसायिक उन्नयन हेतु आयोजित सेवाकालीन प्रशिक्षण की मॉनिटरिंग की गई।

देवरी में नियमित एवं अतिथि शिक्षकों की शाला समय पर उपस्थिति नहीं होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की गई एवं उन्हें बी आर सी के माध्यम से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये ।

स्कूल के अधिकांश  छात्रों का स्तर भी कक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया ।इसके पश्चात माध्यमिक शिक्षकों के सेवाकालीन प्रशिक्षण में शिक्षकों से सक्रियता, उसमें आने वाली चुनौतियों एवं समाधान पर चर्चा की गई।

प्रशिक्षण कक्षों में प्रोजेक्टर उपलब्ध कराने के निर्देश बी आर सी को दिये गये। वरिष्ठ व्याख्याता राजेन्द्र असाटी द्वारा प्राथमिक शाला मोहास में फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमिरेसी (FLN) के अंतर्गत शिक्षकों से शिक्षक संदर्शिका , पाठ्यपुस्तक  एवं वर्क बुक के जुड़ाव तथा एट ग्रेड अभ्यास पुस्तिका में कार्य की प्रक्रिया एवं जांच पर विस्तार से बातचीत की गई ।

इस दौरान सहायक प्राध्यापक  कल्पना खरे एवं व्याख्याता ज्योति  श्रीवास्तव द्वारा कक्षा 3 के गणित विषय में 24 वें सप्ताह के तीसरे दिवस की पाठ योजना का प्रदर्शन भी शिक्षिका के समक्ष किया गया ।

एकीकृत बालक माध्यमिक शाला रीठी में छात्रों से विद्यालय की दीवारों पर बनी सहायक शिक्षण सामग्री पर चर्चा करते हुए शिक्षक कृष्णकुमार गुप्ता के विशेष प्रयासों से स्थापित पुस्तकालय का अवलोकन किया गया । छात्रों द्वारा पुस्तकों के नियमित पढ़ने एवं लेन देन कार्ड में प्रविष्टि करने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई ।

विद्यालय के शिक्षकों द्वारा बताया गया कि कई माह पहले राशि स्वीकृत होने के बाद भी उपयंत्री द्वारा तकनीकी स्वीकृति के अभाव में शौचालय निर्माण प्रारंभ नहीं होने से बच्चों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ।

अंग्रेजी विषय की अतिथि शिक्षिका शिवानी गुप्ता को छात्रों को एक माह में करसिव राइटिंग सिखाने का लक्ष्य दिया गया।

विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति कम होने के कारणों का विद्यालय के शिक्षकों के साथ विश्लेषण करने के पश्चात रीठी  बायपास के समीप भुमिया मोहल्ला में पालकों एवं अनियमित रूप से उपस्थित बच्चों से मिलकर शिक्षा से जीवन में आने वाले बदलावों पर सरलता से चर्चा की गई ।

पालकों से आग्रह किया गया कि कुछ दिनों तक वे अपने बच्चों को स्वयं स्कूल छोड़ें ताकि उनमें नियमितता की आदत का विकास हो सके | स्कूल भ्रमण के पश्चात कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास रीठी की व्यवस्थाओं एवं पुस्तकालय गतिविधियों का अवलोकन किया गया ।

वार्डन कमला उपाध्याय द्वारा हॉस्टल में बाउन्ड्री वाल नहीं होने एवं टेँकर से प्रतिदिन पानी उपलब्ध कराने की समस्या बताई।

संपूर्ण मॉनिटरिंग के पश्चात डाइट प्राचार्य द्वारा बी आर सी रीठी को फॉलो अप मॉनिटरिंग के निर्देश दिये गये हैं उल्लिखित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर कार्यवाई के प्रस्ताव नियमानुसार वरिष्ठ कार्यालयों को भेजे जायेंगे ।

 

 

Back to top button