Sadhvi Pragya का मुंह मीठा कराया, बवाल पर ये बोलीं उमा
भोपाल। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से नाराजगी की खबरों के बीच आज अचानक उमा भारती साध्वी प्रज्ञा ठाकुर से मिलने उनके घर पहुंचीं। इस दौरान दोनों के बीच गर्मजोशी देखने को मिली। उमा भारती ने साध्वी प्रज्ञा का मुंह भी मीठा कराया। इस मौके पर उमा भारती ने अपने उस बयान पर सफाई पेश की, जिसमें उन्होंने कहा था कि मैं तो मूर्ख किस्म की प्राणी हूं और साध्वी प्रज्ञा महान संत हैं। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि, मीडिया में मेरा पूरा बयान नहीं दिखाया गया है। मैंने साध्वी को महामंडलेश्वरी कहा था। उनकी पदवी मुझसे बड़ी है। ऐसे में उनसे नाराजगी की बात पूरी तरह गलत है।
गिले-शिकवे मिटाने के बाद उमा भारती ने साध्वी प्रज्ञा से जेल में हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब मैं साध्वी प्रज्ञा से 2009 में जेल में मिलने गई थी तो उनकी हालत देखकर विचलित हो गई थी। उन्हें ऐसी प्रताड़ना दी गई थी कि कोई भी टूट जाए। उन्होंने बहुत कष्ट झेले हैं। तत्कालीन गृहमंत्री और दिग्विजय सिंह ने उस वक्त हिंदू आतंकवाद शब्द गढ़ा था। उनकी मंशा यही थी कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर प्रताड़ना से टूटकर जुर्म कबूल कर लें। लेकिन साध्वीजी ने तय कर लिया था कि वो ऐसी बात नहीं बोलेंगी। उनका तीन-तीन बार पॉलिग्राफ टेस्ट हुआ। ऐसे में उन्हें दी गई प्रताड़ना का अंदाजा लगाया जा सकता है। यही वजह कि, मैं उन्हें लोकसभा टिकट दिए जाने से खुश हूं। मैं साध्वी प्रज्ञा के लिए प्रचार करूंगी, वो सोना हैं जो आग में तप कर कुंदन बनी हैं।”
वहीं उमा भारती से हुई मुलाकात के बाद साध्वी ने कहा कि, “उनके आने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है, मुझे राजनीति नहीं आती। उनकी उंगली पकड़कर मैं सियासत सीख लूंगी।”
बता दें कि पिछले कुछ वक्त से उमा भारती साध्वी को लेकर लगातार बयान दे रही थीं। दो दिन पहले ही उमा भारती ने यह कहकर चौंका दिया था कि, मैं तो साधारण मूर्ख किस्म की प्राणी हूं और साध्वी प्रज्ञा महान संत हैं।उनकी तुलना मेरे से नहीं की जा सकती है। इससे पहले भी साध्वी प्रज्ञा के चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा था कि, उनके चुनाव लड़ने पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। साध्वी प्रज्ञा मेरे से बहुत बड़ी हैं, वह महामंडलेश्वरी हैं, मेरी तुलना उनसे नहीं की जा सकती मैं किसी काम की नहीं हूं।

