AAP में बड़ी टूट के बाद पंजाब में बवाल, सांसदों के घरों पर लिखे ‘गद्दार’ के नारे, कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा
जालंधर में कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के आवास की दीवारों पर ‘गद्दार’ लिखकर विरोध जताया। वहीं लुधियाना में भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद राजेंद्र गुप्ता के ऑफिस पर भी इसी तरह के नारे लिखे गए।
इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक और नेता एचएस फुलका ने कहा कि केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब को नुकसान हुआ है और पार्टी के अंदर विरोध जरूरी है।
वहीं AAP के पंजाब अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने इन घटनाओं को ‘निंदनीय’ बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी इस झटके से कमजोर नहीं होगी और कानूनी तौर पर सांसदों की सदस्यता रद्द कराने की कार्रवाई की जाएगी।
अरोड़ा ने यह भी कहा कि यह समझ से परे है कि कुछ वरिष्ठ नेता किन परिस्थितियों में पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह फैसला लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उधर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के बयान पर पलटवार करते हुए अमन अरोड़ा ने तंज कसा कि वे राजनीति छोड़कर “ज्योतिष” करने लगे हैं।
इसी बीच लवली यूनिवर्सिटी के बाहर भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के भाजपा में शामिल होने के खिलाफ धरना दिया और पुतला फूंका।
पूरा मामला पंजाब की राजनीति में बड़े बदलाव और आंतरिक असंतोष की ओर इशारा कर रहा है, जिससे आने वाले दिनों में सियासी तापमान और बढ़ने की संभावना है।

