Site icon Yashbharat.com

Road Accident मजदूरों के लिए मौत बना कोहरा, पिकअप चालक को नहीं दिखा टैंकर, भीषण टक्कर में तीन की मौत, कई घायल

wp 17044428110776987070112487232840

Katni Road Accident (विवेक शुक्ला)। मजदूरों के लिए कोहरा मौत का कारण बन गया। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर झुकेही के समीप घने कोहरे की वजह से एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन सडक़ किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को गहन उपचार के लिए जबलपुर रिफर कर दिया गया।

मृतकों के शव पीएम के लिए जिला अस्पताल में रखवाए गए हैं। पिकअप में सवार लोग बाणसागर में मछली पकडऩे का काम करने की मजदूरी करके पिंडरई मंडला जा रहे थे। स्वजनों को पुलिस ने सूचना दी है।

पिंडरई मंडला का बर्मन परिवार हुआ हादसे का शिकार

दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पिंडरई मंडला से बर्मन परिवार के एक दर्जन लोग बाणसागर में मछली पकडऩे का काम करने गए हुए थे। काम करने के बाद गुरुवार को सभी पिकअप में सवार होकर अपने घर पिंडरई लौट रहे थे। आज शुक्रवार की सुबह पांच बजे के लगभग वे झुकेही थाना अमदरा के पास मोहन नगर के समीप पहुंचे।

जहां मुख्य मार्ग पर उनका वाहन कोहरे की वजह से खड़े टैंकर से टकरा गया। दुर्घटना में 24 वर्षीय रोहित धुर्वे पिता अशोक निवासी भाटा डोंगरिया मंडला, 18 वर्षीय छोटू बर्मन पिता गणेश शाहापुरी मंडला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। अभी एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

कुठला पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घायलों में अंजली बर्मन पति राजेन्द्र, उमेश पिता मूलचंद बर्मन, गौरी पिता राजेन्द्र बर्मन, राजेन्द्र पिता दीपचंद सभी निवासी टिकरिया मंडला, राजकुमार पिता गुलाब बर्मन 16 वर्ष जेतपुरी मंडलाए बद्री पिता बड्डी बर्मन 50 साल पिंडरई मंडलाए रोहित पिता अज्जू बर्मन, विजय पिता गणेश बर्मन निवासी पिंडरई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कुठला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व मृतकों को जिला अस्पताल लेकर आई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अंजली, रोहित और उमेश को गहन उपचार के लिए जबलपुर रिफर कर दिया गया है। शव पीएम को रखवाए गए हैं और परिजनों को सूचना दी गई है।

Exit mobile version