RBI Monetary Policy: कल से मौद्रिक नीति समीक्षा करेगा आरबीआई, जानिए ब्याज दरें घटने की कितनी है उम्मीद
shaktikant_das rbi
RBI Monetary Policy: 29 सितंबर से शुरू हो रही भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति कमेटी की तीन दिवसीय बैठक पर सभी की निगाह रहेगी। केंद्रीय बैंक एक अक्टूबर को मौद्रिक नीति समीक्षा जारी करेगा।
बाजार की चाल पर इसका प्रभाव पड़ना तय माना जा रहा है। ज्यादातर जानकार अनुमान जता रहे हैं कि रिजर्व बैंक नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं हरेगा।
गुरुवार को आ रहे मैन्यूफैक्चरिग सेक्टर के पीएमआई (पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स) आंकड़े भी बाजार पर असर डाल सकते हैं।
पिछले हफ्ते शुक्रवार को शानदार वापसी के बावजूद मार्केट में साप्ताहिक स्तर पर बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स ने 1,457.16 अंक गंवाए थे, जबकि निफ्टी ने 454.70 अंकों का गोता लगाया था।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेस लिमिटेड के रिटेल रिसर्च हेड सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘वैश्विक स्तर पर निवेशकों की नजर अमेरिका और ब्रिटेन के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों के अलावा अमेरिकी पीएमआइ डाटा पर भी रहेगी।
घरेलू स्तर पर आरबीआइ की मौद्रिक नीति और इन्फ्रास्ट्रक्चर आउटपुट के आंकड़े बाजार की दिशा निर्धारित करेंगे।’
रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वीपी (रिसर्च) अजित मिश्रा ने कहा, ‘मौद्रिक नीति के अलावा हर महीने के पहले सप्ताह में जारी होने वाले ऑटो सेक्टर में बिक्री के आंकड़े निवेशकों को प्रभावित करने वाले होंगे।
वैश्विक स्तर पर कोरोना के मामले और अन्य बाजारों की चाल भी घरेलू बाजारों पर असर डालेगी।’
शीर्ष आठ कंपनियों के पूंजीकरण में 1.57 लाख करोड़ की गिरावट :
बीते हफ्ते शीर्ष दस कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में 1.57 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
सबसे बड़ी गिरावट रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआइएल) के मार्केट कैप में आई। रिलायंस का मार्केट कैप 70,189.95 करोड़ रुपये गिरकर 14,88,797.82 करोड़ पर आ गया।
आरआइएल के अलावा टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, एचडीएफसी, कोटक महिद्रा बैंक, आइसीआइसीआइ बैंक और एयरटेल के मार्केट कैप में भी तेज गिरावट देखने को मिली। टॉप टेन में से केवल इन्फोसिस और एचसीएल टेक्नोलॉजी का बाजार पूंजीकरण बढ़ा।