जयपुर। राजस्थान में भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होते ही बगावत के सुर उठने लगे हैं। कार्यकर्ता और पदाधिकारी अब खुलकर सामने आ गए हैं।
जयपुर के विराटनगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी कर रहे पूर्व महामंत्री कुलदीप धनखड़ ने मौजूदा विधायक फूलचंद भिंडा को टिकट देने का विरोध करते हुए पार्टी का दामन छोड़ दिया है। वे अब निर्दलीय मैदान में उतरेंगे। धनखड़ 16 नवंबर को विराटनगर से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। धनखड़ ने अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को भेजा है। वे पार्टी के प्रदेश महामंत्री है।
वहीं उदयपुर शहर से पार्टी ने गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया फिर से मैदान में उतारा है। कटारिया का नाम आते ही विरोधी कार्यकर्ता खुलकर सामने आ गए। पार्टी के युवा नेता प्रवीण रतलिया ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। भैरोंसिंह शेखावत मंच पहले ही जनता सेना से गठबंधन कर मैदान में अपना प्रत्याशी उतार चुका है। जनता सेना ने दलपत सुराणा को यहां से अपना प्रत्याशी बनाया है। सुराणा ने हाल ही बीजेपी छोड़ी है। इस सूची के बाद अब कई वरिष्ठ नेता भी जल्द बीजेपी को अलविदा कह सकते है।
भीलवाड़ा में भी असंतोष के स्वर उभरे हैं। यहां मांडल से भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष उदयलाल भडाणा ने प्रत्याशी कालूलाल गुर्जर का विरोध करते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। वहीं सहाड़ा से रूपलाल जाट को टिकट देने का बीजेपी व्यापार प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष लादूलाल पीतलिया ने विरोध किया है।
