दशहरा अवकाश के बीच ‘स्थानीय अवकाश’ घोषित, प्रशासनिक आदेश पर उठने लगे सवाल; एक ही दिन तीन छुट्टियों का ‘अनोखा’ संयोग
विशेष रिपोर्ट (यशभारत.कॉम): मध्य प्रदेश के मैहर जिले में आगामी 19 अक्टूबर को घोषित किए गए ‘स्थानीय अवकाश’ (Local Holiday) को लेकर प्रशासनिक आदेश चर्चा का विषय बन गया है और इस पर सवाल भी उठने लगे हैं। कलेक्टर कार्यालय मैहर द्वारा 6 अक्टूबर को जारी आदेश क्रमांक 470/एस.सी./2026 के माध्यम से 19 अक्टूबर को जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। दशहरा अवकाश के बीच ‘स्थानीय अवकाश’ घोषित, प्रशासनिक आदेश पर उठने लगे सवाल; एक ही दिन तीन छुट्टियों का ‘अनोखा’ संयोग
कलेक्टर के इस आदेश के बाद मैहर में एक ही तारीख पर अवकाश की विरोधाभासी स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे प्रशासनिक समन्वय पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शैक्षणिक कैलेंडर में पहले से दर्ज है छुट्टी
जानकारी के अनुसार, लोक शिक्षण संचालनालय (DPI), मध्यप्रदेश द्वारा जारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के कैलेंडर में 18 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक स्कूलों में पहले से ही ‘दशहरा अवकाश’ निर्धारित किया गया है।
रोचक बात यह है कि इसी आधिकारिक शैक्षणिक कैलेंडर में 19 अक्टूबर को ‘दशहरा (महानवमी)’ के नाम से ‘ऐच्छिक अवकाश’ (Optional Holiday) का भी उल्लेख है।
एक दिन में तीन अलग-अलग अवकाश की स्थिति
कलेक्टर के ताजा आदेश के बाद अब 19 अक्टूबर को लेकर एक ही दिन तीन अलग-अलग अवकाश की स्थितियां बन गई हैं:
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार: दशहरा अवकाश (18 से 21 अक्टूबर तक)
शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार: दशहरा (महानवमी) ऐच्छिक अवकाश
कलेक्टर मैहर के आदेशानुसार: स्थानीय अवकाश
क्या वाकई मिलेगा शिक्षकों और छात्रों को फायदा?
18 से 21 अक्टूबर तक स्कूलों में पहले से ही दशहरा अवकाश होने के कारण, 19 अक्टूबर को कलेक्टर द्वारा घोषित ‘स्थानीय अवकाश’ से शिक्षकों और विद्यार्थियों को कोई अतिरिक्त छुट्टी का लाभ नहीं मिलेगा। उनके लिए यह आदेश बेअसर साबित होगा।
हालांकि, कलेक्टर द्वारा घोषित स्थानीय अवकाश का लाभ अन्य शासकीय विभागों के कर्मचारियों को अलग तरह से मिल सकता है, जिन्हें दशहरा अवकाश की लंबी छुट्टी नहीं मिलती।
बावजूद इसके, जिले में यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि जब शैक्षणिक कैलेंडर में 18 से 21 अक्टूबर तक अवकाश पहले से ही निर्धारित था और 19 अक्टूबर को महानवमी का ऐच्छिक अवकाश भी दर्ज था, तो प्रशासनिक स्तर पर इन पूर्व-निर्धारित छुट्टियों की जानकारी होने के बावजूद फिर से उसी दिन स्थानीय अवकाश घोषित करने की आवश्यकता क्यों पड़ी।


















