गुणवत्तापूर्ण निर्माण, बेहतर वेंटिलेशन एवं समय-सीमा में कार्य करें पूर्ण – मनीष पाठक

गुणवत्तापूर्ण निर्माण, बेहतर वेंटिलेशन एवं समय-सीमा में कार्य करें पूर्ण – मनीष पाठक
कटनी- निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने बाबू वंशस्वरूप वार्ड अंतर्गत चंदी की दफाई, दुर्गा मंदिर के समीप निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्री पाठक ने निर्माण एजेंसी के ठेकेदार निशांत देवंशी से चर्चा करते हुए भवन में बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त खिड़की निर्माण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री पाठक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री, तकनीकी मानकों तथा कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ठेकेदार को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही ना हो इस बात का विशेष ध्यान रखें।
इस दौरान श्री पाठक ने कहा कि सामुदायिक भवन क्षेत्रीय नागरिकों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, इसलिए इसका निर्माण मजबूत, सुविधाजनक एवं दीर्घकालिक उपयोग को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
निगम अध्यक्ष श्री पाठक ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा परिसर में स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भवन में पर्याप्त प्रकाश, हवा एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुमित्रा रावत, पार्षद प्रभा गुप्ता ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष श्री राजू शर्मा केशव कोल, हलीम खान, रामकुमार द्विवेदी, श्यामा बाई, दुर्गा बाई, शिल्पा बर्मन सहित क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।








