शहडोल को ₹461 करोड़ की सौगात देंगे CM मोहन यादव: 6 जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को बांटेंगे ₹22.89 करोड़ का बोनस
शहडोल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 25 अक्टूबर को शहडोल के प्रसिद्ध बाणगंगा मेला मैदान में आयोजित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2024 के संग्राहकों को करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन (बोनस) राशि का वितरण करेंगे। इसके साथ ही वह शहडोल जिले को ₹461 करोड़ से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे।
6 जिलों के लगभग 10 लाख संग्राहकों को मिलेगा लाभ
इस भव्य कार्यक्रम में विंध्य और शहडोल संभाग के 6 जिलों (शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना) के तेंदूपत्ता संग्राहक शामिल होंगे। सरकार द्वारा कुल 9,77,696 हितग्राहियों को ₹22 करोड़ 89 लाख 9 हजार 461 रुपये की बोनस राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जाएगी।
15 हजार से अधिक संग्राहकों के जुटने की संभावना
बाणगंगा मेला मैदान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस आयोजन में 6 जिलों से 15 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों और ग्रामीणों के जुटने की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।











