Sunday, April 19, 2026
Latest:
Latest

President In Manas Bhawan Jabalpur Live: कार्यक्रम में पहुंचे महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

जबलपुर । दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर आये राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद को सर्किट हाउस पहुँचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया । राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जबलपुर के डुमना एअरपोर्ट पहुंच गए हैं। एअरपोर्ट पर राष्ट्रपति की अगवानी राज्यपाल, मुख्यमंत्री व सीजेआइ सहित अन्य राजनेताओं व अधिकारियों ने की। सुरक्षा के लिहाज से विमानतल के चारों ओर 3 किलोमीटर तक फनेल एरिया घोषित किया गया है। जहां चप्पे-चप्पे पुलिस व अन्य सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर में जगह-जगह बैरिकेडिक की गई है। कई सड़कों को डायवर्ट किया गया है। इसकी सूचना पहले ही लोगों को दे दी गई थी।

राष्ट्रपति की अगवानी करने पहुंचे: राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द का डुमना विमानतल पर स्वागत करने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति जस्टिस मोहम्मद रफीक, प्रदेश के आयुष एवं जलसंसाधन राज्यमंत्री रामकिशोर कांवरे, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की जबलपुर प्रिंसिपल बैंच के प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की ग्वालियर बैंच के प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर बैंच के प्रशासनिक न्यायाधीश जस्टिस सुजॉय पाल, जबलपुर के सांसद राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, लखन घनघोरिया एवं विनय सक्सेना, प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस, कॉलेज ऑफ मेटेरियल मैनेजमेंट जबलपुर के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल राकेश कपूर तथा पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा भी विमानतल पर उपस्थित थे। राष्ट्रपति कोविन्द ने सभी से परिचय प्राप्त किया। राष्ट्रपति डुमना विमानतल से सीधे सर्किट हाउस के लिये रवाना हुये।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम