katniमध्यप्रदेश

श्रीरामनवमी पर आविर्भाव समारोह 27 को लोकभक्ति गायन एवं श्रीराम केंद्रित नृत्य नाटिका की होंगी प्रस्तुतियाँ

श्रीरामनवमी पर आविर्भाव समारोह 27 को
लोकभक्ति गायन एवं श्रीराम केंद्रित नृत्य नाटिका की होंगी प्रस्तुतिया

कटनी। श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास, जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग, द्वारा श्रीरामनवमी के पावन पर्व पर कलानुशासनों में श्रीरामचंद्र की महिमा केन्द्रित ‘आविर्भाव समारोह’ का आयोजन 27 मार्च, 2026 को सायं 6:30 बजे से शिव मंदिर, भरभरा आश्रम में किया जाएगा। जिला प्रशासन, कटनी के सहयोग से आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या श्रद्धा, भक्ति और शास्त्रीय-सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों का अनुपम संगम होगी।

समारोह का शुभारंभ जबलपुर के बुंदेली लोकगायक  भवानीदास अहिरवार एवं साथी कलाकारों के गायन से होगा।जिसमें लोकधारा के माधुर्य के साथ प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान किया जाएगा। इसके उपरांत भोपाल की डॉ. श्यामा पंडित एवं साथी कलाकार कथक शैली में ‘पुरुषोत्तम श्रीराम’ पर आधारित नृत्य-नाटिका के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, त्याग और धर्मनिष्ठा को सजीव रूप में अभिव्यक्त करेंगी।

समारोह की अंतिम प्रस्तुति बुरहानपुर के  नितेश सिंह के भावपूर्ण भक्ति गायन की होगी, जो अपनी सुरमयी प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय आलोक से आलोकित कर देगी। यह आयोजन जन-मानस को भारतीय सांस्कृतिक परंपरा, रामकथा और भक्ति रस से अनुप्राणित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

Back to top button