katniमध्यप्रदेश

घनी बस्ती में आपदा प्रबंधन की तैयारी: नगर निगम ने अलफर्ट गंज में दो स्थलों पर किया मॉक ड्रिल का सफल आयोजन,लगभग 8 मिनट में पाया आग पर काबू

घनी बस्ती में आपदा प्रबंधन की तैयारी: नगर निगम ने अलफर्ट गंज में दो स्थलों पर किया मॉक ड्रिल का सफल आयोजन,लगभग 8 मिनट में पाया आग पर काब

 

कटनी। नगर निगम द्वारा आपदा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने और आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मॉक ड्रिल का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को बी.डी. अग्रवाल वार्ड स्थित अलफर्ट गंज घनी बस्ती के दो स्थलों जायसवाल चक्की के पीछे एवं इमाम बाड़ा के पास आपातकालीन मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद एडवोकेट मौसुफ बिट्टू भी मौजूद रहे।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय एवं बचाव कार्यों की तैयारी को परखना रहा। ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर उसे नियंत्रित करने की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

 

मॉक ड्रिल के तहत आम रास्ते पर आग लगने की घटना दर्शाई गई, जिस पर फायर अमले द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया गया। घनी बस्ती और संकरी गलियों के कारण फायर वाहन को मधई मंदिर के समीप खड़ा किया गया, जहां से टीम द्वारा अतिरिक्त पाइप जोड़कर घटनास्थल तक पहुंच बनाई गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।

 

फायर इंचार्ज शैलेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि कंट्रोल रूम से शाम 6:47 मिनट सूचना प्राप्त होते ही फायर वाहन को तत्काल रवाना किया गया। टीम की तत्परता और समन्वित प्रयासों से लगभग 8 मिनट के भीतर आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया।

 

इस मॉक ड्रिल के माध्यम से न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी आपदा के समय सतर्क रहने एवं आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया गया। तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं गतिशीलता की जांच भी की गई।

मॉक ड्रिल के दौरान नगर निगम के कर्मचारी, फायर अमले का स्टाफ एवं राजस्व विभाग के अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button