भाजपा विधायक गिरीश गौतम होंगे विधानसभा अध्यक्ष, दाखिल किया नामांकन
Politics news: girish gautam namankan लंबी ऊहापोह के बाद आखिरकार भाजपा ने विधानसभा अध्यक्ष के लिए विधायक गिरीश गौतम का नाम तय कर दिया। आज सुबह तकरीबन साढ़े दस बजे उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
गौरतलब है कि 18 साल बाद विंध्य क्षेत्र को विधानसभा अध्यक्ष का पद मिल रहा है। वर्ष 2003 में तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी को चुनाव हराकर गिरीश गौतम विधायक बने थे। फिलहाल गिरीश गौतम देवतालाब से विधायक हैं।
विधानसभा के बजट सत्र का स्वरूप तय करने के लिए आज सर्वदलीय बैठक होगी। सामयिक अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा द्वारा बुलाई गई बैठक में सदन के नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ सहित सत्ता पक्ष और प्रतिपक्ष के वरिष्ठ विधायक मौजूद रहेंगे। इसमें 22 फरवरी को होने वाले अध्यक्ष के चुनाव रूपरेखा भी तय होगी। माना जा रहा है कि निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति तभी बनेगी, जब उपाध्यक्ष का पद कांग्रेस को देने पर सहमति बन जाती है। उधर, अध्यक्ष के चुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष कमल नाथ ने वरिष्ठ विधायकों की बैठक बुलाई है।
इससे पहले शनिवार को विधानसभा सत्र की तैयारियों का जायजा सामयिक अध्यक्ष ने प्रमुख सचिव एपी सिंह के साथ लिया। उन्होंने सदन की व्यवस्थाएं देखने के साथ ही अधिकारियों को सदस्यों की स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। तय किया गया है कि बाहरी व्यक्तियों का विधानसभा परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित रखा जाएगा। मंत्रियों के साथ भी सिर्फ एक व्यक्ति को आने की अनुमति मिलेगी। सभी को मास्क पूरे समय लगाना होगा और पर्याप्त शारीरिक दूरी का पालन भी करना होगा। सदस्यों और अधिकारियों की कोरोना संबंधी जांच की व्यवस्था विधानसभा परिसर और विधायक विश्रामगृह में की गई है। विधायकों को फास्टैग की सुविधा देने के लिए शिविर भी लगाया जा रहा है। जो सदस्य अस्वस्थ हैं, वे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सदन की कार्यवाही में जिला सूचना केंद्र से हिस्सा ले सकते हैं।