Police SI Suicide: 15 वीं बटालियन के सब इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या, नहीं मिला सुसाइड नोट

Police SI Suicide: 15 वीं बटालियन के सब इंस्पेक्टर ने की आत्महत्या, नहीं मिला सुसाइड नोट। इंदौर में 15 वीं बटालियन के एक सब इंस्पेक्टर ने फांसी लगाकर अपना जीवन समाप्त कर लिया। मृतक विकास पाटिल फिलहाल विजय नगर थाने में पदस्थ थे। उन्होंने आत्महत्या क्यों की, अभी खुलासा नहीं हो सका। पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला।

विकास ने शाम को मल्हारगंज स्थित अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगा ली। परिजनों ने जब कमरे में उनके फंदे पर झूलते हुए देखा तो पुलिस को सूचना दी। विकास को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पाटिल विजय नगर थाने से पहले क्षिप्रा, द्वारकापुरी, लसूड़िया आदि थाने में भी पदस्थ रह चुके हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को परिजनों के बयान भी लिए जाएंगे।
उधर भंवरकुआं क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने फांसी लगा ली। पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय सुखदीप कौर की अभिनव नगर निवासी जरनेलसिंह से शादी हुई थी। उनका एक बेटा भी है। सुखदीप ने अपने कमरे में फांसी लगा कर जान दे दी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। अभी आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।








