जबलपुर । वाराणसी में अपना नामांकन दाखिल करने के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मध्य प्रदेश के सीधी पहुंचे। सीधी के बाद जबलपुर में मंच से पीएम मोदी ने कमलनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीब बच्चों के लिए, प्रसूता माता के पोषक आहार के लिए चौकीदार की सरकार दिल्ली से पैसे भेजती है। वो पैसे मध्य प्रदेश में चोरी हो गए और यहां के लोगों ने तुगलक रोड चुनावी घोटाला कर दिया। पी एम मोदी ने जबलपुर में पहली बार प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर सीधे हमला बोलते हुए यहां हुए तबादलों को घोटाले से जोडकर कहा कि म्रध्यप्रदेश में तीन माह में अगर कुछ हुआ है तो वह टांस्फर उदयोग । मोदी ने कहा कि जिसको जो पद चाहिए अथवा पसंद का जिला चाहिए तो उसकी खूब बोली लगी। नीलामी हुई। और इस तरह कर्मचारियों को भी खूब तंग किया गया। यह तो कांग्रेस का ट्रेलर है।
मोदी ने साफ’ साफ आरोप लगाया कि कांग्रेसी जमात के लाेगों के घर बोरे भर-भर के नोट मिले हैं। इनकम टैक्स की रेड के बाद कांग्रेस के लोग कहते हैं, हम तो नेता हैं हमारे वहां क्यों रेड कर रहे हो। अरे, देश का कानून सबके लिए समान होता है। अगर मोदी गलती करता है तो मोदी के घर भी इनकम टैक्स को रेड करनी चाहिए, सबके लिए कानून समान होना चाहिए। दिल्ली से लेकर भोपाल तक कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार है। आपका ये चौकीदार चौकन्ना है। नामदार हो या उनके रागदरबारी, कोई नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार से उनके कल्चर का ट्रेलर दिखा।
पीएम ने कहा कि आपके आशीर्वाद से बहुत लक्ष्य हासिल हुए और जो बाकी है उनको भी आपके ही सहयोग से पूरा करने वाला हूं। साथियों इस जगह के साथ बीरबल का नाम जुड़ा है। बीरबल की खिचड़ी को देश का बच्चा-बच्चा जानता है। कांग्रेस अपने महा मिलावटियों के साथ ऐसी ही खिचड़ी पकाने वाली थी। लेकिन तीन चरणों के चुनाव के बाद अब कांग्रेस को समझ आ गया है कि उनकी यह खिचड़ी नहीं पकने वाली है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अजयप्रताप सिंह, भाजपा के विधायक, सीधी प्रत्यायाी रीती पाठक, रीवा प्रत्याशी जनार्दन मिश्र, लोकसभा प्रभारी पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने पूछा किसान भाइयों क्या आप लोगों का कर्ज माफ हुआ। देशभर में कांग्रेस नेता घूमकर कर्जमाफी का झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्जमाफी किसके लिए ला रहे हैं, कभी किसी गरीब किसान को कर्ज मिलता है। ये कर्जमाफी कांग्रेस अपने करीबियों को फायदा पहुंचाने के लिए कर रही है।
मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में जो भ्रष्ट सरकार है वो हमें किसानों की सूची नहीं दे रही है। ताकि अगर हम किसानों को पैसा देंगे तो इनकी पोल खुल जाएगी। मुख्यमंत्री जी मैं जानता हूं आपको बेटे को सेट करना है। आपके करीबियों के घर नोटों के बंडल निकले। लेकिन आपको किसानों की लिस्ट भेजने के लिए समय नहीं है। अगर आप लोग हमें जिताएंगे तो 23 मई को नतीजे आने के बाद ये किसानों को मिलने वाला पैसा नहीं रोक पाएंगे।
मध्यप्रदेश में अब मिल रही आधी बिजली
उन्होंने कहा सीधी सहित ये पूरा क्षेत्र तो पावर हब रहा है, बिजली के बड़े-बडे प्रोजेक्ट यहां पर हैं। आपका ये चौकीदार जो सौर ऊर्जा पर बल दे रहा है, पूरी दुनिया में सौर ऊर्जा के लिए हम जो अभियान चला रहे हैं। उसका एक अहम सेंटर हमारा ये क्षेत्र होने वाला है। कांग्रेस का वादा था बिजली का बिल कम करने का, और इसका उपाय इन्होंने बिजली की आपूर्ति ही कम करके निकाला है। जितनी बिजली शिवराज जी की सरकार में मिलती थी, उससे आधी बिजली कांग्रेस सरकार देकर आपका बिजली का बिल कम कर रही है। अब देश का हर चौकीदार जाग चुका है और नए भारत के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है। देश ने कमजोर और मजबूर सरकार बनाने के सारे मंसूबों पर पानी फेर दिया है।