PM मोदी के लिए मैरिनेटेड मिलेट, ग्रिल्ड कोर्न कर्नेल सैलेड, कॉम्प्रेस्ड वॉटरमेलन का डिनर: दोनों देशों के प्रमुख खूब हंसी मजाक करते दिखे, Guest List Here। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के दौरे पर हैं। अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी राजकीय डिनर के लिए गुरुवार को व्हाइट हाउस पहुंचे। राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन ने पीएम मोदी का स्वागत किया। वहीं, इस डिनर में भारत समेत दुनियाभर के करीब 400 हस्तियों ने हिस्सा लिया।
पीएम मोदी की इस यात्रा को काफी खास माना जा रहा है। दोनों देशों को उम्मीद है कि इससे उनके संबंध और गहरे व मजबूत होंगे। पीएम के सम्मान में एक खास राजकीय डिनर का आयोजन किया गया। पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की इस दौरान मजबूत दोस्ती भी देखने को मिली। दोनों देशों के प्रमुख खूब हंसी मजाक करते दिखे।
पीएम के अलावा पत्नी नीता अंबानी के साथ उद्योगपति मुकेश अंबानी से लेकर महिंद्रा कंपनी के चैयरपर्सन आनंद महिंद्रा, भारतीय मूल के सीईओ सुंदर पिचाई, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला और उनकी पत्नी अनु नडेला, भारतीय-अमेरिकी बिजनेस एक्जीक्यूटिव इंदिरा नूई भी व्हाइट हाउस के राजकीय डिनर में शामिल हुए।
इसके अलावा, एप्पल के सीईओ टिम कुक भी रात्रिभोज में पहुंचे। भारत सरकार के प्रतिनिधियों के विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा आदि मौजूद रहे। वहीं, अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, अमेरिकी स्पीकर नैन्सी पेलोसी और भारत में अमेरिकी दूत एरिक गार्सेटी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
वहीं, भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता एम. नाइट श्यामलन, जेरोधा के सह-संस्थापक निखिल कामथ, फ्लेक्सट्रॉनिक्स की सीईओ रेवती अद्वैथी, नेटफ्लिक्स की चीफ कंटेंट ऑफिसर बेला बजरिया, एडोब सीईओ शांतनु नारायण, अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू और भारतीय मूल के अमेरिकी प्रतिनिधि रो खन्ना और उनकी पत्नी रीता खन्ना के साथ ही राजाकृष्ण मूर्ति डिनर में शामिल हुए। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की पोती नाओमी बाइडन और उनके पति पीटर नील भी स्टेट डिनर के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे थे।
मेहमानों की सूची पर यहां ही विराम नहीं लगा। इस रात्रिभोज में और भी तमाम बड़ी हस्तियों ने हिस्सा लिया। इसमें रौनक देसाई और बंसारी देसाई, हुमा आबेदीन और हेबा आबेदीन, रीम एकरा और डॉ. निकोलस तब्बल, माला अडिगा (राष्ट्रपति की डिप्टी असिस्टेंट और फर्स्ट लेडी और चार्ल्स बिरो की नीति और परियोजनाओं की निदेशक), सलमान अहमद (डायरेक्टर पॉलिसी प्लानिंग स्टाफ), किरण आहूजा (यूएस ऑफिस ऑफ पर्सनल मैनेजमेंट), सैम ऑल्टमैन और ओलिवर मुलहेरिन, अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन अपनी पत्नी चार्लेन ऑस्टिन, बेला बजरिया और रेखा बजरिया, डॉ. भरत बरई और पन्ना बरई, जोश बेकेंस्टीन और अनीता बेकेंस्टीन, जोशुआ बेल, राष्ट्रपति के सहायक और फर्स्ट लेडी के सीनियर एडवाइजर एंथोनी बर्नाल भी शामिल हैं।
इसलिए खास था मेन्यू
राजकीय डिनर के मेन्यू में मैरिनेटेड मिलेट, ग्रिल्ड कोर्न कर्नेल सैलेड, कॉम्प्रेस्ड वॉटरमेलन और टैंगी एवेकैडो सॉस शामिल हैं। जबकि मेन कोर्स में स्टफ्ड पोर्टोबेलो मशरूम, क्रीमी सैफरन इन्फ्यूज रिसोटो को शामिल किया गया है, इसके अलावा सुमैक रोस्टेड सी-बास, लेमन योगर्ट सॉस, क्रिस्प्ड मिलेट केक और समर स्क्वैश को शामिल किया गया। सबसे खास बात यह है कि मेन्यू को अमेरिका की प्रथम महिला जिल बाइडन ने गेस्ट शेफ नीना कर्टिस और व्हाइट हाउस के अन्य शेफ के साथ मिलकर तैयार किया।
