Philippines: चक्रवाती तूफान, भूस्खलन में करीब 133 लोगों की गई जान
Philippines। फिलीपींस में आए चक्रवाती तूफान के बाद हुए भूस्खलन और बाढ़ में करीब 133 लोगों की जान चली गई। दर्जनों लोग लापता हैं। आपदा प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मरने वालों में अधिक संख्या मिंडनाओ मुख्य दक्षिण द्वीप के लोगों की है।
तूबोड शहर के अधिकारी रेयान कैबस का कहना था कि हम भूस्खलन में दबे गांवों की जानकारी प्राप्त करने में जुटे हैं। बिजली आपूर्ति बंद है। संचार सेवा ठप पड़ी हुई है। इसके चलते राहत और बचाव कार्य में काफी परेशानी आ रही है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक तूफान ने सूलू सागर से भंयकर रूप धारण किया और यहां से पश्चिम की ओर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे की ओर बढ़ा।
फिलीपींस में सोमवार तक स्थिति सामान्य होने के आसार हैं। ज्ञात हो कि फिलीपींस में हर साल लगभग 20 चक्रवाती तूफान आते हैं। तूफान के चलते प्रत्येक वर्ष यहां भारी जानमाल का नुकसान होता है। पिछले हफ्ते आए चक्रवाती तूफान से मध्य फिलीपींस में 46 लोगों की मौत हो गई थी। 2013 में आए तूफान से फिलीपींस में करीब आठ हजार लोगों की जान गई थी। लगभग दो लाख लोग बेघर हो गए थे।

