
कटनी: कटनी जिले में रेडीमेड वस्त्र निर्माण प्रयोजन हेतु रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके लिए कलेक्टर श्री अवि प्रसाद ने ग्राम पंचायत कैलवारा खुर्द ग्राम टिकरिया तहसील कटनी स्थित भूमि खसरा नंबर 65 रकवा 2.980 हेक्टेयर भूमि को औद्योगिक प्रयोजन हेतु सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग भोपाल को हस्तांतरित कर दिया है।
टिकरिया मे 2.9 हैक्टेयर भूमि आवंटित
विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल ने कहा है कि जिले मे रेडीमेड गारमेंटस क्लस्टर को भूमि आवंटन होने के बाद यहां क्लस्टर यूनिट की स्थापना से कटनी जिले के रेडीमेड वस्त्र निर्माताओं को नया बाजार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढेंगे। श्री जायसवाल ने कहा कि गारमेंट क्लस्टर उद्योग के शुरू हो जाने के बाद कटनी की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ता और मजबूती मिलेगी। रेडीमेड गारमेंट्स क्लस्टर के माध्यम से नये स्टार्टअप जो निर्यात पर फोकस करेंगे और देश और दुनिया के बाजार मे ‘‘ब्रांण्ड कटनी’’ को स्थापित करेंगे। छोटे वस्त व्यवसायियों से लेकर बड़े कारोबारियों सहित स्थानीय नागरिकों को भी इसका फायदा मिलेगा। कटनी से देश के चारों दिशाओं मंे जाने के लिए ट्रेन की प्रापर कनेक्टिविटी होने की वजह से यहां रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर स्थापित हो जाने के बाद यह व्यवसाय तेजी से फैलेगा।
औद्योगिक विशेषज्ञों का मानना है कि कटनी मे रेडीमेड गारमेंट क्लस्टर बनने के बाद यहां के वस्त्र निर्माण व्यवसाय को नयी ऊचाईयां मिलेंगी। उन्नत प्रौद्योगिकी और संसाधनों से इसे आधुनिक स्वरूप में संगठित क्लस्टर के तौर पर प्रस्तुत किया जा सकेगा। इस क्लस्टर में गारमेंट मेकिंग ईकाइयों को सभी तरह की सुविधा भी मिलेगी।
विदित हो कि जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कटनी की महाप्रबंधक ने मध्यप्रदेश नजूल निर्वतन निर्देश के तहत भूमि आवंटन किये जाने का आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कटनी ने जांच पूर्ण कर शासकीय चारागाह मद की भूमि रेडीमेड वस्त्र निर्माण प्रयोजन हेतु जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कटनी को आवंटित किये जाने का प्रतिवेदन दिया था। इस जमीन के आवंटन पर ग्राम पंचायत कैलवारा खुर्द को कोई आपत्ति नही ंहै। जमीन के आवंटन के पश्चात चरनोई का रकबा 2 प्रतिशत से अधिक अभी भी शेष बच रहा है।








