katniमध्यप्रदेश

एक पौधा–हर नागरिक’ संकल्प के साथ अमृत हरित महाअभियान, अमकुही फिल्टर हाउस में 11 हजार पौधों का रोपण,महापौर, निगमाध्यक्ष व निगमायुक्त ने किया शुभारंभ, जनभागीदारी से हरित कटनी के संकल्प को मिली नई ऊर्जा

‘एक पौधा–हर नागरिक’ संकल्प के साथ अमृत हरित महाअभियान, अमकुही फिल्टर हाउस में 11 हजार पौधों का रोपण,महापौर, निगमाध्यक्ष व निगमायुक्त ने किया शुभारंभ, जनभागीदारी से हरित कटनी के संकल्प को मिली नई ऊर्जा

कटनी । पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा संचालित ‘अमृत हरित महाअभियान’ के तहत शुक्रवार को अमकुही फिल्टर हाउस परिसर में विशाल पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “एक पौधा–हर नागरिक” संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों, पर्यावरण प्रेमियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए लगभग 11 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य पूरा किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान सभी ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल आज की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य में निवेश है।

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है। यदि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसका संरक्षण करे, तो कटनी को हराभरा और प्रदूषणमुक्त शहर बनाने का सपना साकार हो सकता है।

नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि वृक्ष धरती का आभूषण ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, छाया और बेहतर पर्यावरण प्रदान करें।

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बताया कि अमकुही फिल्टर हाउस परिसर में 11 हजार पौधों का रोपण कर लक्ष्य पूरा किया गया है। उन्होंने नागरिकों से घरों, विद्यालयों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही “ग्रीन एंड क्लीन कटनी” का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में करंज, आंवला, हर्रा, बहेरा, नीम, पीपल, गुलमोहर, काला सिरस, शीशम, कदंब, बरगद सहित अनेक छायादार एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, उपेंद्र अहिरवार, श्रीमती बीना संजू बनर्जी, पार्षदगण, उपयुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, भाजपा नेता सुनील उपाध्याय, अमरीश वर्मा, अभिषेक शर्मा, यज्ञदत्त मिश्रा, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर आशुतोष मानके, जिला औद्योगिक संघ, लघु उद्योग भारती, कटनी एक्सरसाइज ग्रुप, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, विजन समूह के बच्चे, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Back to top button