yashbharatअजब गजब

OMG: पुणे में पीपीई किट पहनकर चोरों ने चोरी की, चार दुकानों से एक लाख रुपए से ज्यादा नकदी चुराई

पुणे. देश में महाराष्ट्र कोरोना संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित है। राज्य में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। काम-धंधे बंद हैं। लोग घरों में हैं। लेकिन, इन सबके बीच चोर शांत नहीं हैं। वह वारदात को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपना तरीका जरूर बदल लिया है। पुणे में चोरी का एक ऐसा ही मामले सामने आया है, जिसमें चोरों ने पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट यानी पीपीई किट पहनकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी की वारदात सीसीटीवी में भी कैद हो गई। पुलिस मामला दर्ज कर इनकी तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि चोरों ने वारदात पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ में की। यहां के रावेत इलाके में शुक्रवार तड़के दो चोरों ने पीपीई किट पहनकर तीन मेडिकल स्टोर और एक किराना की दुकान में चोरी की। पुलिस ने घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी कर आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही है। जो वीडियो सामने आया है उसमें आरोपी दुकान का शटर तोड़ते हुए और दुकान के अंदर घुसकर चोरी करते हुए नजर आ रहे हैं।

दुकानदार ने कहा- हमें सुबह घटना की जानकारी मिली

इस मामले में जिस दुकान में चोरी हुई उसके मालिक धनाराम मोतीलाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि तड़के 3.55 मिनट पर चोर आए थे। चोरों ने कोरोना की सेफ्टी के लिए पहनी जाने वाली किट पहन रखी थी। पहले शटर का ताला तोड़ा और फिर दुकान के काउंटर में रखा हुआ कैश निकालकर चले गए। हमें सुबह घटना की जानकारी हुई।

पुलिस ने बताया- अब तक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई

वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों चोर चारों दुकान से करीब एक लाख से ज्यादा कैश ले उड़े हैं। पुलिस इस मामले में आसपास के मेडिकल स्टोर या हॉस्पिटल में पूछताछ करके यह पता लगा रही है कि आखिर चोरों को पीपीई किट कहां से मिली।

Back to top button