NRC का विरोध BJPके लिए फायदेमंद, ‘श्री 420’ हारेंगे दिल्ली चुनाव: स्वामी

नागरिकता कानून पर छिड़े सियासी घमासान के बीच भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि अगर विरोध जारी रहता है तो इसका फायदा चुनाव के दौरान भाजपा को मिलेगा।
सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर कहा कि ज्यादातर विपक्षी पार्टियां नागरिकता संशोधन कानून का विरोध कर रही हैं। यह भाजपा को चुनाव में फायदा पहुंचाएगा। यदि यह विरोध जारी रहा तो ‘श्री 420’ दिल्ली विधानसभा चुनाव हार सकते हैं।

माना जा रहा है कि सुब्रमण्यम स्वामी ने इस ट्वीट के जरिए परोक्ष रूप से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। बता दें कि दिल्ली में आठ फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि मतगणना 11 फरवरी को होगी।

विक्टोरिया मेमोरियल का नाम बदलने की कर चुके हैं मांग
सुब्रमण्यम स्वामी ने इससे पहले कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल का नाम बदलने की मांग भी कर चुके हैं। स्वामी ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि सरकार को कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट का नाम बदलने के बाद अब विक्टोरिया मेमोरियल का नाम बदलकर रानी झांसी स्मारक महल कर देना चाहिए। उन्होंने कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट का नाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने की घोषणा पर भी खुशी जाहिर की।

स्वामी ने ट्वीट में कहा कि रानी विक्टोरिया ने 1857 में झांसी की रानी के विद्रोह के बाद भारत पर कब्जा किया था और देश को 90 साल तक लूटा था। इसलिए उनके नाम पर मेमोरियल का नाम नहीं होना चाहिए।

Exit mobile version