अब रानी कमलापति=आधारताल इंटरसिटी और भोपाल=खजुराहो महामना एक्सप्रेस भी एलएचबी कोच से दौड़ेंगी

कटनी(YASH BHARAT.COM)। पश्चिम मध्य रेलवे ने यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। भोपाल–खजुराहो महामना एक्सप्रेस तथा रानी कमलापति–आधारताल (जबलपुर) इंटरसिटी एक्सप्रेस अब अत्याधुनिक एलएचबी कोच के साथ संचालित होंगी। रेल प्रशासन के अनुसार भोपाल–खजुराहो महामना एक्सप्रेस में 15 फरवरी से तथा रानी कमलापति–आधारताल इंटरसिटी एक्सप्रेस में 16 फरवरी से पुराने कोचों के स्थान पर एलएचबी (लिंक हॉफमेन बुश) कोच लगाए जाएंगे। ये कोच जर्मन तकनीक से निर्मित होते हैं और सुरक्षा व आराम के लिहाज से अधिक उन्नत माने जाते हैं।
एलएचबी कोच की मुख्य विशेषताएं और लाभ
सुरक्षा (Safety):- ये कोच ‘एंटी-टेलीस्कोपिक’ होते हैं, यानी दुर्घटना की स्थिति में डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर नहीं चढ़ते, जिससे जान-माल का नुकसान कम होता है।
गति (Speed):- एलएचबी कोच 160 से 200 किमी/घंटा की गति से चलने में सक्षम हैं, जिससे यात्रा का समय कम हो जाता है।
आराम (Comfort):- इनमें बेहतर सस्पेंशन सिस्टम होता है, जिससे झटके कम लगते हैं और यात्रा आरामदायक होती है।
तकनीक (Technology):- इन कोचों में डिस्क ब्रेक होते हैं, जो तेज गति पर भी प्रभावी ढंग से काम करते हैं।
आधुनिक इंटीरियर:- एलएचबी कोच में बैठने के लिए अधिक जगह (ज्यादा सीटें) और सामान रखने के लिए बेहतर स्थान होता है।








