रहस्यमयी ढंग से लापता सिविल इंजीनियर बबलू शाह का नहीं मिला सुराग, पुलिस ने खंगाले फारचून टावर से लेकर रेलवे स्टेशन तक सीसीटीवी कैमरे

कटनी(YASHBHARAT.COM)। माधवनगर में शुभसिटी के निर्माण में बेहतरीन डायरेक्शन देने वाले सिविल इंजीनियर बबलू शाह अचानक लापता हो गये हैं। बबलू शाह बिल्डर्स विकास गुप्ता के विश्वास पात्र इंजीनियर थे तथा कई सालों से माधवनगर क्षेत्र में बिल्डिंग निर्माण का कार्य देख रहे थे। शुभसिटी फारचून टावर समेत कई बिल्डिंग निर्माण के कार्य में उनकी भूमिका सराहनीय रही। इंजीनियर बबलू का मोबाईल बंद बता रहा है, घर में अकेली पत्नी और बेटी बेहद परेशान हैं। पत्नी ने माधवनगर थाने में सूचना दी है लेकिन बबलू का अभी तक पता नहीं लग पाया है। बताया जाता है कि बबलू फारचून टावर झिंझरी के पास से लापता हुआ, उस समय से उसका मोबाईल बंद बता रहा है। वहीं माधवनगर थाने में शिकायत के बाद पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर खोजबीन शुरू की गई तो शुरूआती जांच में बबलू शाह की लोकेशन रेलवे स्टेशन के पास मिली, जिसके बाद इसकी सूचना जीआरपी को भी दी गई है। संदेह जताया जा रहा है कि बबलू कहीं किसी ट्रेन में बैठकर निकल गया होगा लेकिन दो दिन बाद भी पुलिस एवं परिजन बबलू का सुराग तक नहीं लगा पाए हैं। वहीं बबलू की पुत्री मेघना ने बातचीत में बताया कि अभी तक पापा का कोई पता नहीं चल पाया हैं, वो बेहद परेशान हैं और तलाश कर रहे है। वहीं सूत्रों का कहना है कि बबलू जमीनी कारोबार एवं बिल्डिंग निर्माण कार्य देखते थे, कहीं ऐसा तो नहीं उनको किसी ने डराया या धमकाया हो और डर के कारण वह शहर छोडक़र भाग गये हो। हालांकि यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। वहीं परिवार के लोग परेशान हैं।

Exit mobile version