नगर निगम कटनी की खबरें:-सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा की पूर्व संध्या पर महापौर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, कथा पंडाल पहुंचकर नगर निगम की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

समाचार -1
नगर निगम कटनी की खबरें:-सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा की पूर्व संध्या पर महापौर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, कथा पंडाल पहुंचकर नगर निगम की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
कटनी (YASH BHARAT.COM)। श्री रंगनाथ नगर में कल 31 जनवरी से प्रारंभ होने वाली सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से ठीक एक दिन पूर्व शुक्रवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने पार्षद साथियों के साथ कथा पंडाल पहुँचकर नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि इस सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित श्री इंद्रेश जी उपाध्याय द्वारा अमृतमयी कथा वाचन किया जाएगा। महापौर ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्थिति का स्वयं अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तत्पर रहेगी।
महापौर ने उपस्थित निगम के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कथा आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आयोजन अवधि के दौरान निगम की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएँ। उन्होंने विशेष रूप से नियमित साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं के छिड़काव, पहुँच मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सुचारू यातायात संचालन हेतु हांका गैंग को पूर्ण मुस्तैदी से कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से नगर में सकारात्मक वातावरण निर्मित होता है तथा जनसहभागिता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए नगर निगम की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी महापौर द्वारा कथा स्थल का निरीक्षण किया गया था। आज पुनः स्थल पर पहुंचकर उन्होंने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए स्पष्ट किया कि नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में जुटा है।
समाचार -2
धार्मिक आयोजन एवं कलश यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए नगर में चला विशेष सफाई अभियान, नगर के विभिन्न स्तंभों एवं स्मारकों की कराई गई धुलाई-सफाई
कटनी। श्री रंगनाथ सेवा समिति, रंगनाथ नगर कटनी के तत्वावधान में 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाला यह भुवन पावनी श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव एवं कलश यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल सहित नगर के विभिन्न मार्गों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर के निर्देशानुसार स्वच्छता टीम द्वारा कथा आयोजन स्थल रंगनाथ नगर, श्री रंगनाथ मंदिर प्रांगण, कार्यक्रम स्थल पहुंच मार्गों सहित कलश यात्रा सम्पूर्ण मार्ग में विशेष साफ सफाई उपरांत कचरे का उठाव कार्य किया जाकर मार्ग को चूने से रेखांकित किया गया। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए निर्धारित जुलूस मार्गों पर विशेष ध्यान देते हुए सड़क की सफाई, कचरा उठाव एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा मौके पर मौजूद रहकर विभागीय कार्यों की निगरानी की गई, जिससे व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें। इस दौरान निगम की हांका टीम द्वारा भी सम्पूर्ण मार्ग में मुस्तैद रहकर आवारा मवेशियों के विचरण पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
तिराहों एवं चौराहों की विशेष सफाई
अभियान के अंतर्गत नगर के प्रमुख तिराहों,चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता एवं समुचित सफाई व्यवस्था हेतु पन्ना मोड़, कोतवाली तिराहा अहिंसा तिराहा, स्टेट बैंक तिराहा, महारानी लक्ष्मीबाई तिराहा, वीआईपी मार्ग, गोल बाजार, रामलीला मैदान, सुभाष चौक एवं झंडा बाजार आदि स्थलों पर स्थापित स्तंभों, स्मारकों एवं मूर्तियों की जेटिंग मशीन से विधिवत धुलाई एवं साफ-सफाई का कार्य किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना निगम की प्राथमिकता है। साथ ही नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू,डॉ रमेश सोनी,सुरेन्द्र गुप्ता,उमेन्द्र अहिरवार,पार्षद सीमा श्रीवास्तव,वंदना राजकिशोर यादव,सुनीता कमलेश चौधरी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समाचार -3
हांका टीम का वृहद अभियान, घुमंतू मवेशियों पर कसी नकेल, 25 मवेशी अमीरगंज गौशाला भेजे गए
कटनी। नगर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा घुमंतू मवेशियों के विरुद्ध वृहद अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निगम की हांका टीम ने विभिन्न सार्वजनिक मार्गों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ने की कार्यवाही की।
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 25 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर अमीरगंज स्थित गौशाला भेजा गया, जहां उनके समुचित रख-रखाव एवं चारे-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर मवेशियों की मौजूदगी से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसे दृष्टिगत रखते हुए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
निगम प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें, अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। नगर को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वही नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए नगर के विभिन्न स्थलों वार्ड नं 22 हीरागंज सोनल बाझल गली में सहित वार्ड के अन्य स्थलों एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड से 5 आवारा श्वान को पकड़ने का कार्य किया जाकर कटाए घाट स्थित ए बी सी सेंटर भेजने की कार्यवाही की गई।








