Site icon Yashbharat.com

खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर की सख्त कार्रवाई, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी का वेतन रोका गया

97305221

कटनी।  कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की उचित मूल्य दुकानों से जिले के गरीब और समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के लिए खाद्यान्न वितरण व्यवस्था के मामले में मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खाद्यान्न के कम उठाव और खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा कम वितरण की स्थिति पर गहन नाराजगी व्यक्त की।

कलेक्टर ने कहा कि गरीबों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने खाद्यान्न के कम उठाव पर मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक के.एल.शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं कलेक्टर ने ढीमरखेड़ा क्षेत्र में खाद्यान्न के कम वितरण पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री जाटव के कार्यों पर असंतोष व्यक्त किया।

कलेक्टर ने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रविंद्र कुमार पटेल को रीठी के कार्यभार से मुक्त करने के निर्देश देते हुए उन्हें चालू माह का वेतन रोकने के निर्देश प्रदान किए हैं।

कलेक्टर ने नेशनल हाईवे में जगह-जगह पशुओं के बैठे रहने से होने वाली दुर्घटनाओं के मद्देनजर उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी डॉ आर.के.सिंह को निर्देशित किया कि वे जिले के हाईवे के किनारे की चुनिंदा 5-6 जगहों में शासकीय जमीनों पर फेंसिंग कराकर स्थानीय पंचायतों की मदद से पशुओं की देखरेख करने का दायित्व निभाने के निर्देश दिए।

उन्होंने सहायक आयुक्त सहकारिता राजयश वर्धन कुरील को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि खाद दुकानों में पानी से बचाव हेतु पालिथिन व तिरपाल लगवाने प्रबंधकों को निर्देशित करें। वहीं उपसंचालक कृषि और सहकारिता को निर्देशित किया कि सभी उर्वरक दुकानों में उर्वरक की उपलब्ध मात्रा और दर सूची का बोर्ड दुकान के बाहर लगवायें।

Exit mobile version