
Paris Diamond League 2025: नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पेरिस डायमंड लीग में वेबर को मात देकर किया भारत को गौरवान्वित। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह दुनिया के बेहतरीन एथलीट्स में शुमार हैं। पेरिस डायमंड लीग 2025 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 88.16 मीटर का थ्रो फेंका और पहला स्थान अपने नाम किया। इस मुकाबले में नीरज के चिर-प्रतिद्वंद्वी जर्मनी के जूलियन वेबर दूसरे स्थान पर रहे।
नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पेरिस डायमंड लीग में वेबर को मात देकर किया भारत को गौरवान्वित
बता दें कि पेरिस डायमंड लीग में नीरज ने पहले ही प्रयास में 88.16 मीटर की दूरी तय कर ली, जो इस प्रतियोगिता में उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने दूसरा थ्रो 85.10 मीटर का फेंका, जबकि उनके तीसरे, चौथे और पांचवें प्रयास फाउल हो गए। अंतिम यानी छठे प्रयास में उन्होंने 82.89 मीटर दूर भाला फेंका।
दूसरी ओर, जूलियन वेबर लगातार दो मुकाबलों में नीरज को हराते आ रहे थे, लेकिन इस बार नीरज ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। वेबर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 85.10 मीटर रहा और उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। हालांकि उनका कोई भी थ्रो फाउल नहीं गया। तीसरे स्थान पर ब्राजील के लुईज मौरिशियो डा सिल्वा रहे, जिन्होंने 86.62 मीटर का थ्रो किया।
ऐसा रहा नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन
पहला प्रयास- 88.16
दूसरा प्रयास- 85.10
तीसरा प्रयास- फाउल
चौथा प्रयास- फाउल
पांचवां प्रयास- फाउल
छठा प्रयास- 82.89
अन्य सभी प्रतिस्पर्धियों के सर्वश्रेष्ठ थ्रो
नीरज चोपड़ा (भारत): 88.16 मी
जूलियन वेबर (जर्मनी): 87.88 मी
लुईज डा सिल्वा (ब्राज़ील): 86.62 मी
बाकी प्रतियोगियों के थ्रो 80–70 मीटर के बीच रहे।
पिछली हारों का लिया हिसाब
नीरज चोपड़ा ने इस प्रदर्शन से दो बड़ी हारों का बदला भी ले लिया। 16 मई 2025 को आयोजित दोहा डायमंड लीग में जर्मनी के जूलियन वेबर ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 91.06 मीटर का थ्रो फेंका था और नीरज चोपड़ा को पीछे छोड़ दिया था। उस मुकाबले में नीरज का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 90.23 मीटर रहा था। इसके बाद 23 मई को पोलैंड में हुई जानुज कुसोसिंकी मेमोरियल प्रतियोगिता में भी वेबर ने 86.12 मीटर के थ्रो के साथ नीरज (84.14 मीटर) को मात दी थी।
डायमंड लीग के नियमों के अनुसार, प्रत्येक चरण में पहले स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को 8 अंक और दूसरे स्थान पर रहने वाले को 7 अंक मिलते हैं। पेरिस में मिली जीत के साथ नीरज को 8 अंक प्राप्त हुए, जबकि वेबर को 7 अंक मिले। यह लीग अब 27 और 28 सितंबर को ज़्यूरिख में होने वाले फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होगी, जहां विजेता को प्रतिष्ठित डायमंड ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
गौरतलब है कि अब नीरज चोपड़ा 24 जून को चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा में होने वाले गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स मीट में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वह 5 जुलाई को बेंगलुरु में होने वाले नीरज चोपड़ा क्लासिक टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे, जिसे पहले भारत-पाक तनाव के कारण स्थगित कर दिया गया था।