जबलपुर में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न, देश भर से जुटे सामाजिक पदाधिकारी
जबलपुर। स्थानीय कचनार क्लब में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस गरिमामय आयोजन में देश के 20 राज्यों और मध्य प्रदेश के 52 जिलों से आए प्रतिनिधियों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा माँ कर्मा देवी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पूजन के साथ हुई।
राजनैतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में एकजुट हो समाज: केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि साहू समाज को यदि चहुंमुखी विकास करना है, तो सामाजिक पदाधिकारियों को आर्थिक और शैक्षणिक उन्नति के साथ-साथ राजनैतिक क्षेत्र में भी पूरी एकता और संकल्प के साथ आगे आना होगा। उन्होंने युवा पीढ़ी को संस्कारवान बनाने, राग-द्वेष भुलाकर एकजुट होने और वरिष्ठ जनों को पूरा सम्मान देने की बात कही। जबलपुर में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन की सराहना करते हुए उन्होंने महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष आभा साहू को विशेष बधाई दी।
महिला सशक्तिकरण सामाजिक चेतना को देता है नई दिशा: मंत्री राकेश सिंह
मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि साहू समाज का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है और देश के विकास में इस समाज का बड़ा योगदान है। संगठन का विस्तार, सामाजिक एकता और महिला सशक्तिकरण के ऐसे कार्यक्रम समाज में एक नई चेतना का संचार करते हैं। उन्होंने युवाओं से वरिष्ठों के मार्गदर्शन में काम करने की अपील की।
अंतिम व्यक्ति तक संगठन को पहुँचाना हमारा लक्ष्य: जयदत्त क्षीरसागर
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जयदत्त क्षीरसागर ने म.प्र. के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों की उपस्थिति समाज में आ रही नई जागृति का प्रमाण है। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का यह मुख्य दायित्व है कि वे संगठन की कड़ियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएं और उनके सुख-दुख में सहभागी बनें।
सरकारी योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुँचे: ओमप्रकाश साहू
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ने सामाजिक जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
मातृशक्ति की रही अनुकरणीय उपस्थिति
इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण महिला सशक्तिकरण सम्मेलन रहा, जिसमें मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक और बेंगलुरु जैसे राज्यों से बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष आभा दीपक साहू ने आयोजन को सफल बनाने के लिए देश भर से आए अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित:
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रायपुर के विधायक संदीप साहू, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, राष्ट्रीय महासचिव रामलाल गुप्ता, पूर्व महापौर प्रभात साहू, राजनैतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद साहू, कार्यवाहक अध्यक्ष एड. रमेश के. साहू, डॉ. हेमराज साहू, महासचिव अनिल साहू ‘अकेला’, युवा अध्यक्ष हितेश साहू सहित सुषमा साहू, अर्चना साहू, नम्रता साहू, सरिता साहू, नीतू साहू एवं देश भर से आए सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

