मध्यप्रदेश

Narsinghpur Corona News: फेरे लेने के पहले दुल्हन की मौत, पूरे परिवार का कोरोना टेस्ट होगा, गांव सील

नरसिंहपुर से विक्रांत पटेल की रिपोर्ट

नरसिंहपुर (यशभारत)।  करेली विकासखंड के गांव पिपरिया अम्हेटा में जिस बेटी को दुल्हन बनकर आज यानी 8 मई को सात फेरे लेना था, वह 7 मई की शाम ही चल बसी। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, तो वहीं संक्रमण के अंदेशे में पूरे गांव को लॉकडाउन भी होना पडा।

निवारी चौकी प्रभारी अनिल कुमार भगत ने बताया कि मृतका का नाम उमा पिता मूंगाराम जाटव 19 वर्ष है। परिजन के अनुसार पिछले कुछ दिनों से उमा का स्वास्थ्य ?राब चल रहा था। जिसका जिला अस्पताल में इलाज भी कराया गया था। उमा की 8 मई को शादी होने वाली थी।

वहीं युवती की मौत की खबर लगते ही सर्वप्रथम निवारी चौकी प्रभारी अनिल कुमार भगत ने शाम 5 -6 बजे के बीच पूरे गांव को लॉकडाउन कराया और आसपास के क्षेत्र को सीलबंद किया। गांव की ओर आने-जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया। इसके बाद सूचना पाकर मौके पर करेली एसडीएम संघमित्रा बौद्ध समेत नरसिंहपुर एसडीएम महेश कुमार बमनहा, एसडीओपी अर्जुन उईके, तहसीलदार करेली आरके मेहरा, तहसीलदार नरसिंहपुर, नायब तहसीलदार अनामिका सिंह, बीएमओ डॉ ऋषि साहू पहुंचे।

बीएमओ ने मेडिकल टीम के सदस्यों डॉ गुलाब खट्टर महामारी विशेषज्ञ नरसिंहपुर, डॉ राहुल (आरबीएसके), लैब टेक्नीशियन अर्जुन भगत, एम्बुलेंस ड्राइवर लोकेश होतवानी, गार्ड शब्बीर खान ने मृतक के शव की जांच की। मृतका की बॉडी से कोविड 19 की जांच के लिए सैम्पलिंग कर शव को मर्चुरी के लिए भेजा। शुक्रवार सुबह करेली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
परिजनों के मेडिकल जांच, कोविड 19 का स्टीकर चस्पा
मृतका के परिजनों की इस दौरान मौजूद मेडिकल टीम ने चिकित्सकीय जांच की। सभी को उन्हें घर में कोरन्टाइन किया। मकान में कोविड 19 का स्टीकर चस्पा कर इनके घर आने-जाने पर पाबंदी लगाईं गई है।

Back to top button