FEATUREDLatestRajasthanराष्ट्रीय

Murder Of Rajput Karni Sena President: राजपूत करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह की गोली मारकर हत्या, 2 आरोपी हुए फरार

Murder Of Rajput Karni Sena President: राजपूत करणी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह की गोली मारकर हत्या, 2 आरोपी हुए फरार ।  राजस्थान के जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को जयपुर में गोली मार दी गई है। सुखदेव सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

लेकिन इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, फायरिंग और हत्या की इस घटना के बाद अब शहर भर के पुलिस अधिकारी आरोपियों की तलाश में जुट गए हैं। गोलीबारी की जगह पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि अभी कुछ देर पहले जयपुर के श्याम नगर इलाके में गोगामेड़ी के घर के नजदीक ही उन पर हमला हुआ है। फायरिंग की इस घटना की जानकारी जैसे ही सोशल मीडिया पर पहुंची तो वैसे ही उनके समर्थक और समाज से जुड़े लोग अस्पताल पहुंचने लगे। लेकिन उनको अस्पताल में जाने नहीं दिया गया। वहां पर भी पुलिस का बंदोबस्त किया गया है। इस घटना के बाद अब शहर में माहौल खराब नहीं हो इसके लिए भी पुलिस अफसरों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे शहर में हंगामा मचा हुआ है।

सोशल मीडिया के जरिए खबर तेजी से वायरल हो रही है। गोगामेड़ी सबसे पहले आनंदपाल एनकाउंटर केस के बाद चर्चा में आए थे। उस समय आनंदपाल के शव को लेकर काफी दिनों तक प्रदर्शन किया गया था। उसके बाद गोगामेड़ी का नाम काफी ज्यादा चर्चा में आया था।

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी उस समय चर्चा में आ गए थे जब फिल्म पद्मावती के शूटिंग के दौरान प्रसिद्ध निर्देशक संजय लीला भंसाली को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने उन्हीं के सेट पर जाकर थप्पड़ मार दिया था। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने पद्मावती फिल्म के खिलाफ निरंतर मोर्चा खोलकर पूरे देश में इसका विरोध किया, जिसका नतीजा यह निकला की फिल्म निर्माता को फिल्म का नाम बदलकर पद्मावत करना पड़ा और उसमें से कई दृश्यों को भी हटाना पड़ा। इसके बाद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राजपूत समाज में युवाओं के बीच काफी प्रसिद्ध चेहरा बन गए। सुखदेव सिंह ने 2018 चुनाव में भादरा से भारतीय जनता पार्टी से टिकट भी मांगा था जो सुखदेव सिंह को नहीं मिला था। सुखदेव सिंह की पिछले कई वर्षों से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ आपसी झड़प की खबरें आ रही थी।

Back to top button